Page Loader
#MumbaiTerrorAttack: 26/11 के हमलों पर बनी हैं ये फिल्में, जरूर देखें

#MumbaiTerrorAttack: 26/11 के हमलों पर बनी हैं ये फिल्में, जरूर देखें

Nov 26, 2019
06:30 pm

क्या है खबर?

26 नवंबर, 2008 (26/11) को मुंबई में आतंकी हमला हुआ था। आज मुंबई में हुए इन आतंकी हमलों की 11वीं बरसी है। इस हमले में 26 विदेशी नागरिकों सहित 166 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। हमले को अंजाम देने वाला एक आतंकी अजमल कसाब ही जिंदा पकड़ा गया था जिसे साल 2011 में यरवडा जेल में फांसी दी गई थी। इस हमले पर कई फिल्में भी बनी हैं। आइये जानें

#1

वन लेस गॉड

फिल्म वन लेस गॉड ( One Less God), 26/11 को हुए आतंकी हमलों की सच्ची घटनाओं पर आधारित है। इसमें अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के एक समूह के संघर्ष की कहानी को दिखाया गया है जिनके होटल को हमलों के दौरान आतंकियों द्वारा घेर लिया गया था। इस दौरान उन्हें क्या परेशानियां होती हैं और वह इससे कैसे मुकाबला करते हैं यही 'वन लेस गॉड' में दिखाया गया है। इसका निर्देशन ल्लियम वर्थिंगटन और नेल्सन लाउ ने किया है।

जानकारी

मुंबई मेसकर (Mumbai Massacre)

साल 2009 में आई मुंबई मेसकर (Mumbai Massacre) 53 मिनट की एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म है। इसमें मुंबई हमलों की कहानी को उन लोगों के द्वारा बताया गया है जो हमलों में बचने में कामयाब रहे थे। इसे विक्टोरिया मिडविंटर पिट ने डायरेक्ट किया था।

#3

फैंटम

साल 2015 में आई फिल्म 'फैंटम' को कबीर खान ने निर्देशित किया था। इस फिल्म में सैफ अली खान, कैटरीना कैफ और जीशान अयूब लीड रोल्स में थे। यह फिल्म भी 26/11 में हुए आतंकी हमलों पर आधारित थी। फिल्म में दिखा था कि भारत की एक टीम तैयार होती है रॉ जो उन आतंकवादी गिरोह की तलाश निकलती है जिसने ये हमले करवाये थे। फिल्म को मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था।

#4

होटल मुंबई

इसी साल सितंबर में रिलीज़ हुई फिल्म 'होटल मुंबई' को एंथनी मारस ने डायरेक्ट किया। इसमें 26/11 की उस काली रात को दिखाया गया जिसमें आतंकियों ने ताज होटल पर अटैक किया था। 'होटल मुंबई' में अनुमप खेर, आर्मी हैमर, जैसम आईजैक, नाजनीन बोनियादी और देव पटेल अहम किरदार में थे। 'होटल मुंबई' को टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में भी जगह मिली थी और फिल्म ने अपने नाम कई अवॉर्ड किए थे।

#5

द अटैक्स ऑफ 26/11

साल 2013 में आई फिल्म 'द अटैक्स ऑफ 26/11' को राम गोपाल वर्मा ने डायरेक्ट किया था। इस फिल्म में नाना पाटेकर लीड रोल में नज़र आए थे। इसमें नाना के अलावा अतुल कुलकर्णी, गणेश यादव और फरजाद जेहानी भी अहम रोल में थे। इसमें 26/11 के आतंकी हमले को फिल्म के जरिए दिखाया गया था। फिल्म को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया था। नाना के अभिनय को दर्शकों ने काफी सराहा था।