माइकल जैकसन के निधन की खबर सुन बुरी तरह टूट गए थे राम गोपाल वर्मा, सालों बाद किया खुलासा
फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने हाल ही में 'माइकल' फिल्म देखी, जो पॉप स्टार माइकल जैकसन के जीवन पर आधारित है। फिल्म देखने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने बताया कि साल 2009 में जब उन्हें माइकल की मौत की खबर मिली थी, तब उन्हें ऐसा लगा जैसे कोई बुरा सपना हो जो खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। वह अहसास आज भी उनकी यादों में ताजा है।
फिल्म निर्माता राम ने बताया कि माइकल जैकसन थे 'अलौकिक'
राम ने यह भी बताया कि साल 1984 में जब उन्होंने कॉलेज के एक छोटे से वीडियो पार्लर में पहली बार 'थ्रिलर' देखा था, तब यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव था, जिसे वे कभी भूल नहीं पाए।
माइकल को अलौकिक बताते हुए उन्होंने कहा, 'वे इंसानों की तरह चलते नहीं थे, बल्कि फिसलते, छलांग लगाते और हवा में उड़ते से लगते थे। स्क्रीन पर उनका पूरा दबदबा रहता था।'
उन्होंने आगे कहा, 'ऐसा लगता था जैसे कोई अलौकिक जीव कुछ देर के लिए किसी इंसान के शरीर में आया हो और मंच पर पूरी तरह छा गया हो।'
राम ने यह भी माना कि अपने आइडल को खोने के बाद उनके जीवन में एक गहरा खालीपन छा गया था।