ऑस्कर 2026: इस फिल्म ने जीते सबसे ज्यादा 6 पुरस्कार, OTT पर कहां देखें?
क्या है खबर?
हॉलीवुड फिल्म 'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने 98वें एकेडमी अवार्ड्स में सबसे ज्यादा पुरस्कार अपने नाम किए हैं। लियोनार्डो डिकैप्रियो की इस फिल्म को कुल 13 कैटेगरी में नामांकन मिला था। ये कैटेगरी सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री, सर्वश्रेष्ठ मौलिक पटकथा, सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी, सर्वश्रेष्ठ फिल्म एडिटिंग, सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिजाइन, सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइन, सर्वश्रेष्ठ ओरिजिनल स्कोर, सर्वश्रेष्ठ साउंड और सर्वश्रेष्ठ विजुअल इफेक्ट्स थीं।
जीत
फिल्म को कौन से 6 पुरस्कार मिले?
फिल्म 'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने ऑस्कर 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 'सर्वश्रेष्ठ फिल्म' समेत कुल 6 पुरस्कार अपने नाम किए। इसके अलावा फिल्म के लिए कसांद्रा कुलुकुंडिस को सर्वश्रेष्ठ कास्टिंग, शॉन पेन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और पॉल थॉमस एंडरसन को सर्वश्रेष्ठ रूपांतरित पटकथा व सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का ऑस्कर मिला। एंडी जर्गेंसन ने फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ फिल्म एडिटिंग का पुरस्कार जीता। इन उपलब्धियों के साथ फिल्म ने समारोह में खास पहचान बनाई।
OTT
OTT पर कहां देखें यह फिल्म?
'वन बैटल आफ्टर अनदर' सितंबर, 2025 में रिलीज हुई थी। फिल्म में डिकैप्रियो, शॉन पेन, बेनीसियो डेल टोरो, टेयाना टेलर, रेजिना हॉल और चेस इन्फिनिटी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए। बॉक्स ऑफिस की बात करें तो फिल्म ने दुनियाभर में 1,700 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। आप इस फिल्म को जियोहॉटस्टार पर अंग्रेजी भाषा में देख सकते हैं। फिलहाल यह फिल्म हिंदी में उपलब्ध नहीं है।