अभिनेत्री से दुष्कर्म के आरोप में 73 वर्षीय फिल्म निर्देशक शकील नूरानी गिरफ्तार
क्या है खबर?
मुंबई की मालवणी पुलिस ने 73 वर्षीय फिल्म निर्देशक शकील नूरानी को गिरफ्तार किया है। ये कार्रवाई दुष्कर्म के कथित आरोपों के चलते की गई है। आरोप है कि निर्देशक ने एक अभिनेत्री को फिल्म पर चर्चा करने का बहाना बनाकर मालवणी स्थित अपने घर पर बुलाया था। इसके बाद कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शकील ने कथित तौर पर अभिनेत्री को नशीली दवा दी और उसे धमकी दी थी।
कार्रवाई
12 अगस्त तक निर्देशक को हिरासत में भेजा गया
NDTV के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने नूरानी को गिरफ्तार करके बोरीवली हॉलिडे कोर्ट में पेश किया। यहां से आरोपी को 12 अगस्त तक के लिए हिरासत में भेजा गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि शकील ने कथित तौर पर धोखे से अभिनेत्री को कुछ नशीला पदार्थ खिला दिया था। इसके बाद दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
आरोप है कि पीड़िता को चुप रहने और मुंह खोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।
करियर
इन फिल्मों में नूरानी ने हासिल की थी लोकप्रियता
73 वर्षीय फिल्म निर्देशक नूरानी बॉलीवुड के जाने-माने लेखक, निर्माता और निर्देशक के रूप में चर्चित हैं।
उन्होंने 90 के दशक में अपने करयिर की शुरुआत की थी। साल 1999 में अभिनेता सुनील शेट्टी की फिल्म 'बड़े दिलवाला' का निर्देशन किया।
वहीं साल 2000 में नूरानी ने गोविंदा की सुपरहिट फिल्म 'जोरू का गुलाम' का निर्देशन, लेखन और निर्माण किया था।
उनकी अन्य फिल्मों में 'तेज़ाब: द एसिड ऑफ लव', 'विष्णु देवा' और 'श्रीमान आशिक' शामिल हैं।