प्रभास की 'फौजी' के टीजर पर बवाल, सुभाष चंद्र बोस के परपोते पहुंचे सरकार के पास
क्या है खबर?
अभिनेता प्रभास की आगामी फिल्म 'फौजी' का टीजर विवादों में घिर गया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परपोते और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता चंद्र कुमार बोस ने फिल्म निर्माताओं पर इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए टीजर को हटाने की मांग की है। इस सिलसिले में उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की अपील की है। साथ ही उन्होंने निर्देशक हनु राघवपुडी से इस मामले की गंभीरता को समझने का आग्रह किया है।
आपत्ति
हिटलर-नेताजी सीन पर जताई आपत्ति
चंद्र कुमार बोस ने एक्स पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र को साझा किया।
उन्होंने बताया कि फिल्म का टीजर 23 अक्टूबर, 2026 को जारी हुआ था। इसी दिन क्रांतिकारी नेता भगवती चरण पाणिग्रही का 83वां बलिदान दिवस भी था।
उन्होंने टीजर पर आपत्ति जताई। उनके मुताबिक, इसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस को एडॉल्फ हिटलर से बात करते दिखाया गया है। साथ ही, नेताजी को 'फौजी' नाम के एक काल्पनिक किरदार से जुड़ा दिखाया गया है।
ट्विटर पोस्ट
नेता जी के परपोते ने की ये शिकायत
The teaser of Fauzi ought to be pulled down, corrected and released again. Should our concern regarding Netaji be resolved (for the teaser as well as for the Movie), my best wishes go out for #Prabhas and the entire team @FauziTheMovie . Hope @hanurpudi realises the seriousness… pic.twitter.com/NVB9Toboib
— Chandra Kumar Bose (@Chandrakbose) October 27, 2026
सवाल
सेंसर बोर्ड ने कैसे दी मंजूरी?
चंद्र कुमार बोस ने लिखा, 'हम नेताजी के इस तरह के अवमूल्यन पर कड़ा ऐतराज जताते हैं। हमें ये भी समझ नहीं आ रहा है कि सेंसर बोर्ड ने ऐसी आपत्तिजनक सामग्री को मंजूरी कैसे दी। आपसे अनुरोध है कि इस गंभीर मामले की जांच कराई जाए। इस टीजर को तुरंत हटवाना और सेंसर बोर्ड के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त मिसाली कार्रवाई करना ही देश की सच्ची सेवा होगी।'
मांग
आपत्ति हटी तो प्रभास को शुभकामनाएं
चंद्र कुमार बोस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी टैग करते हुए लिखा, 'फौजी' के टीजर को वापस लिया जाना चाहिए, इसमें सुधार किया जाना चाहिए और फिर से जारी किया जाना चाहिए। अगर फिल्म और टीजर से जुड़ी हमारी चिंता दूर हो जाती है तो मुझे प्रभास और उनकी पूरी टीम से कोई शिकायत नहीं है, मेरी शुभकामनाएं अभिनेता और उनकी पूरी टीम के साथ हैं। उम्मीद है कि निर्देशक हनू राघवपुडी इस मामले की गंभीरता को समझेंगे।"
विवाद
प्रभास की 'फौजी' के इस सीन पर खड़ा हुआ विवाद
निर्माताओं ने 23 अक्टूबर को प्रभास के जन्मदिन पर 'फ़ौजी' का 'फ़ाइल नंबर 25' वीडियो जारी किया।
1942 के बर्लिन की पृष्ठभूमि वाले इस वीडियो में हिटलर भारत की गुलामी की बात करता है, जिस पर नेताजी एक भारतीय जासूस का जिक्र करते हैं।
नेताजी बताते हैं कि इस जासूस ने अंग्रेजों के खिलाफ जापान की मदद की और भगवद्गीता से प्रेरित गुप्त कोड बनाया। अंत में प्रभास गोलियां चलाते दिखते हैं। इसी काल्पनिक सीन पर विवाद खड़ा हुआ है।