Page Loader
अधूरी रहने के बावजूद रिलीज होगी ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म 'शर्माजी नमकीन'

अधूरी रहने के बावजूद रिलीज होगी ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म 'शर्माजी नमकीन'

May 03, 2020
07:05 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का निधन न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस के लिए बहुत हैरान करने वाली खबर थी। वह कुछ वक्त पहले ही विदेश से अपना इलाज करवा कर भारत लौटे थे। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में वापसी के लिए अपनी अगली फिल्मों की तैयारी भी शुरु कर दी थी। उन्हें जल्द ही फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी द्वारा निर्मित फिल्म 'शर्माजी नमकीन' में देखा जाने वाला था।

मुख्य भूमिका

अहम किरदार में नजर आएंगे ऋषि कपूर

फिल्म में ऋषि कपूर को मुख्य किरदार निभाते हुए देखा जाने वाला था। फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी थी। इसके सिर्फ कुछ ही हिस्सों पर काम बाकी रह गया था। हालांकि, उनके निधन की खबर ने हर किसी को यह सोचने पर मजबूर कर दिया था इस फिल्म का क्या होने वाला है। लेकिन अब सूत्रों के हवाले से फिल्म से जुड़ी एक अहम खबर सामने आ रही है।

रिलीज

मेकर्स ने सुनिश्चित की फिल्म की रिलीज

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में ऋषि मुख्य कलाकार थे। उन्होंने इसके सभी अहम हिस्सों को पूरा कर लिया था। फिलहाल शूटिंग को जो कुछ भाग बाकी रह गया है। उसे भी किसी तरह से पूरा करने का उपाय खोजा जा रहा है। यह ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म है, इसलिए फरहान और रितेश ने इसकी रिलीज सुनिश्चित कर ली है। वह फिल्म पर बहुत बारीकी से काम कर रहे हैं और लॉकडाउन के बाद इसे रिलीज करने की योजना है।

स्टार कास्ट

लंबे वक्त बाद फिर दिखेगी ऋषि कपूर और जूही चावला की जोड़ी

'शर्माजी नमकीन' में लंबे वक्त के बाद ऋषि के साथ जूही चावला को एक साथ पर्दे पर साथ देखा जाएगा। इससे पहले ये दोनों को 'साजन का घर', 'बोल राधा बोल', 'रिश्ता हो तो ऐसा' और 'घर की इज्जत' जैसी बेहतरीन फिल्मों में भी साथ नजर आए थे। दोनों के अलावा फिल्म में गुफी पेंटल भी अहम भूमिका में हैं। इस फिल्म से निर्देशक हितेश भाटिया डायरेक्शन के क्षेत्र में कदम रखने जा रहे हैं।

जानकारी

इस फिल्म में भी नजर आते ऋषि कपूर

ऋषि कपूर को दीपिका पादुकोण के साथ फिल्म 'द इंटर्न' में अहम भूमिका अदा करते हुए देखा जाने वाला था। लॉकडाउन के बाद उनकी इस फिल्म पर काम शुरु किया जाना था, लेकिन इससे पहले ही ऋषि कपूर की दुखद खबर सुनने को मिल गई।