शाहरुख, सलमान और आमिर खान भी थे अंडरवर्ल्ड के खौफ में, फराह खान ने किया खुलासा
क्या है खबर?
बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर और निर्देशक फराह खान ने 90 के दशक के उस दौर का काला सच उजागर किया है, जब फिल्म इंडस्ट्री अंडरवर्ल्ड के खौफ में जीती थी। फराह ने बताया कि कैसे शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान जैसे सुपरस्टार्स उस समय अंडरवर्ल्ड के भारी दबाव में काम करते थे। इतना ही नहीं, उन्होंने करण जौहर को मिली जान से मारने की धमकियों का भी जिक्र किया है।
दौर
80 का दशक बॉलीवुड का सबसे कमजोर दौर: फराह
फराह के अनुसार, 1980 का दशक हिंदी सिनेमा के लिए एक बेहद निराशाजनक और कमजोर दौर था। उन्होंने अपनी कॉलेज लाइफ को याद करते हुए बताया कि उस दौरान उनके साथ के अधिकांश लोग हिंदी फिल्में देखना पसंद नहीं करते थे। फराह के मुताबिक, उस समय बन रही हिंदी फिल्मों की खराब क्वालिटी के कारण लोग बॉलीवुड के बजाय हॉलीवुड फिल्में देखना ज्यादा पसंद करते थे। उन्होंने इस दशक को मुख्यधारा के हिंदी सिनेमा का सबसे निचला स्तर बताया है।
खतरा
बॉलीवुड पर अंडरवर्ल्ड का साया
1990 के दशक के बदलावों पर बात करते हुए फराह ने बताया कि उस समय फिल्म इंडस्ट्री को अंडरवर्ल्ड के बढ़ते प्रभाव का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों की एक घटना याद करते हुए कहा कि 1993-94 के आसपास एक फिल्म के सेट पर उन्हें निर्माता मुकेश दुग्गल की गोली मारकर हत्या की खबर मिली थी। ये घटना उस दौर में इंडस्ट्री के आसपास बने खतरनाक और असुरक्षित माहौल को दिखाती है।
दबाव
शाहरुख, सलमान और आमिर भी नहीं बचे थे अंडरवर्ल्ड के दबाव से
पॉडकास्ट के दौरान फराह से पूछा गया कि क्या 90 के दशक में शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान पर भी अंडरवर्ल्ड का दबाव था तो फराह ने इसे स्वीकार किया और कहा कि तब कलाकारों को अंडरवर्ल्ड की धमकियों और उनके इशारों पर काम करने के दबाव का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा, "ऐसा दबाव वास्तव में मौजूद था। फिल्म इंडस्ट्री के इन सितारों को भी अंडरवर्ल्ड की धमकियों और उनके हस्तक्षेप का सामना करना पड़ता था।"
धमकी
करण जौहर को मिली थी अंडरवर्ल्ड से धमकी: फराह
फराह बोलीं, "मुझे अच्छी तरह याद है कि 'डुप्लीकेट' या 'कुछ कुछ होता है' के प्रीमियर के समय करण जौहर को अंडरवर्ल्ड से धमकी मिली थी, और वो बहुत ही डरावना मंजर था। उस वक्त हर कोई इसी चर्चा में लगा था कि प्रीमियर को रद्द कर दिया जाए या फिर हमें इसके साथ आगे बढ़ना चाहिए।" वर्तमान में फराह अपने कुक दिलीप के साथ यूट्यूब कुकिंग व्लॉग सीरीज के साथ डिजिटल जगत में जबरदस्त सफलता हासिल कर रही हैं।