LOADING...
'मैं हूं न' के लिए सुष्मिता सेन नहीं, ये अभिनेत्री थी फराह खान की पहली पसंद
'मैं हूं न' के लिए सुष्मिता सेन नहीं थीं पहली पसंद

'मैं हूं न' के लिए सुष्मिता सेन नहीं, ये अभिनेत्री थी फराह खान की पहली पसंद

Feb 17, 2026
04:00 pm

क्या है खबर?

फराह खान की पहली निर्देशित फिल्म 'मैं हूं न' साल 2004 में रिलीज हुई थी। शाहरुख खान और सुष्मिता सेन अभिनीत इस फिल्म में सुनील शेट्‌टी, जायद खान, अमृता राव और किरण राव भी प्रमुख किरदारों में नजर आए थे। खासतौर पर शाहरुख और सुष्मिता पर फिल्माए गए लगभग सभी गाने आज भी लोकप्रिय हैं। 22 साल बाद फराह ने बताया कि सुष्मिता फिल्म के लिए उनकी पहली पसंद नहीं थीं, बल्कि कोई और था।

खुलासा

इस अभिनेत्री को फिल्म में लेना चाहती थीं फराह

अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग में, फराह अभिनेत्री समीरा रेड्‌डी के गोवा स्थित घर पहुंची। यहां उन्होंने खुलासा किया कि वह 'मैं हूं न' में समीरा को लेना चाहती थीं। उन्होंने कहा, "किसी को पता नहीं है, लेकिन मैंने सुष्मिता सेन की भूमिका में ' मैं हूं ना' के लिए आपके बारे में सोचा था। मैंने आपका गाना 'आहिस्ता कीजिए बातें' देखा था और उसमें आपने भारतीय कपड़े पहने थे।" फराह की यह बात सुनकर समीरा हैरान रह जाती हैं।

कारण

इस कारण समीरा नहीं बन पाईं 'मैं हूं न' की अभिनेत्री

समीरा ने सवाल करते हुए पूछा, "हे भगवान! मैं जानना चाहती हूं कि आपने मुझे क्यों नहीं लिया।" इसपर फराह कहती हैं, "क्योंकि तब तक आप 'मैंने दिल तुझको दिया' (2002) में काम कर चुकी थीं।" बता दें, फिल्म 'मैं हूं न' में सुष्मिता ने कॉलेज प्रोफेसर 'चांदनी' का किरदार निभाया था। उस वक्त शिफॉन साड़ी में उनका देसी लुक एक ट्रेंडसेटर बन गया था। शाहरुख के साथ पहली बार उनकी जोड़ी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था।

Advertisement