Page Loader
फराह खान ने सितारों की बढ़ती फीस पर कसा तंज, बोलीं- लगाम लगना जरूरी
फराह खान ने क्यों लिया निर्माताओं का पक्ष?

फराह खान ने सितारों की बढ़ती फीस पर कसा तंज, बोलीं- लगाम लगना जरूरी

लेखन पलक
May 14, 2024
01:18 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड की जानी-मानी निर्माता-निर्देशक फराह खान किसी ना किसी वजह से चर्चा में रहती हैं। वह फिल्मों के अलावा अपने विचारों को खुलकर सामने रखने के लिए पहचानी जाती हैं। एक बार फराह ने फिर ऐसा ही किया है। उन्होंने हाल में बॉलीवुड सितारों को लेकर बड़ी बात कही है। दरअसल, फराह नेे आज के समय के सितारों की बढ़ती फीस पर तंज कसा और कहा कि यह निर्माताओं के लिए एक तरह का बोझ बनती जा रही है।

बदलाव

इंडस्ट्री में आए बदलाव से बर्बाद हुए रिश्ते-फराह

ट्विन एनकाउंटर से फराह ने कहा कि बॉलीवुड में पिछले कुछ सालों में अच्छे और बुरे दोनों तरह के बदलाव आए हैं। फराह के अनुसार, पहले काम रिश्तों पर चलता था, इसलिए अगर उन्हें कुछ चाहिए होता था तो वह सीधे कलाकार को फोन करती थीं। हालांकि, अब इंडस्ट्री में बुरा बदलाव यह आया है कि उन्हें पहले मैनेजर के सब मैनेजर फिर मैनेजर और उसके बाद एजेंसी से मिलना होता है। ऐसे में रिश्ते बर्बाद हो गए हैं।

तंज

फराह ने कसा कलाकारों पर तंज

इसके बाद फराह ने फिल्में बनाने में बढ़ती लागत के बारे में बात करते हुए सितारों की अपमानजनक मांगों पर तंज कसा। वह बोलीं, "कलाकारों और उनके क्रू की लागत बहुत ज्यादा हो गई है। एक अभिनेत्री 9 लोगों के साथ आती है और अभिनेता 8 लोगों के। यह संसाधनों की बर्बादी है, जिन पर पैसा खर्च किया जाता है। सबसे बड़ी बात है कि यह लागत फिल्म में कहीं नजर नहीं आती। मैं इसे बदलनाे चाहती हूं।"

जानकारी

खर्चों पर नियंत्रण जरूरी

फराह ने आगे कहा, "कलाकारों और उनकी टीम पर खर्च होने वाले पैसों को थोड़ा नियंत्रित करने की जरूरत है। वो निर्माताओं पर बहुत भारी पड़ता है।" कुछ समय पहले कृति सैनन ने भी क्रू की लागत को लेकर आपत्ति जताई थी।

तारीफ

इस बदलाव से खुश हैं फराह

इंटरव्यू में फराह ने इंडस्ट्री में आए अच्छे बदलाव का भी जिक्र किया और बताया कि कैसे यह व्यवस्थित हो गई है, जिसकी वजह से कोई भी किसी को नुकसान नहीं पहुंचा सकता। वह बोलीं, "अच्छा बदलाव यह है कि इंडस्ट्री आज ज्यादा व्यवस्थित है। लोग समय पर आते हैं। स्टूडियो सिस्टम है। सितारों और निर्माताओं के बीच अनुबंध किया जाता है। अनुबंध के चलते कोई किसी का पैसा नहीं मार सकता।"

वैनिटी

वैनिटी वैन की मांग पर भी फूटा था फराह का गुस्सा

कुछ समय पहले भी सितारों पर फराह का गुस्सा फूटा था। उन्होंने बताया था कि कैसे फिल्मी दुनिया के कुछ बड़े सितारे बड़ी-बड़ी मांग करते हैं। फराह के अनुसार, इंडस्ट्री में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो अपने लिए 4-4 वैनिटी वैन की मांग करते हैं। उनके कहना था कि आजकल कुछ अभिनेता और अभिनेत्री तब तक अपना काम शुरू नहीं करते, जब तक कि उन्हें वैनिटी वैन ना मिल जाए। फराह के इस वीडियो ने खूब सुर्खियां बटोरीं थी।

जानकारी

लंबे समय से कोई फिल्म नहीं लाईं फराह

बता दें, पिछले 20 सालों से इंडस्ट्री का हिस्सा रहीं फराह पिछले काफी समय से अपने प्रशंसकों के लिए कोई फिल्म नहीं लाई हैं। हालांकि, वह कई बार अपने खास दोस्त शाहरुख खान के साथ एक बार फिर फिल्म बनाने की इच्छा जता चुकी हैं।