फराह खान अली और डीजे अकील शादी के 22 साल बाद एक-दूसरे से अलग हुए

फिल्म जगत में प्यार और अलगाव के किस्से अक्सर सुनने को मिलते हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि अभिनेत्री सुजैन खान की बहन फराह अली खान अपने पति डीजे अकील से शादी के 22 साल बाद अलग होने जा रही हैं। इस कपल ने अपनी शादी के 22 साल बाद एक-दूसरे से अलग होने का ऐलान किया है। फराह ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि वे दोनों आपसी सहमति से अलग होने जा रहे हैं।
बता दें कि इस कपल ने फरवरी, 1999 में शादी रचाई थी। फराह ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'कभी-कभी दो लोग अलग हो जाते हैं। पति अकील के साथ मेरे रिलेशनशिप स्टेटस को कपल से दोस्त हुए सिर्फ 9 साल हुए हैं। इस बारे में बताने के लिए मैं सिर्फ यही कहूंगी कि हम आपसी सहमति और खुशी से अलग हुए हैं।' उन्होंने आगे बताया कि वे दोनों हमेशा एक बेहतर दोस्त और बच्चों के माता-पिता बने रहेंगे।
फराह ने आगे बताया कि उनका अलग होना का फैसला आपसी सहमति से लिया गया है और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका नहीं है। फराह ने बताया कि उनके बच्चे अजान और फिजा उन्हें एक माता-पिता के रूप में एक समान प्यार करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि उनके बच्चों को यह स्वीकार करना होगा कि वे अब बतौर कपल एक साथ नहीं रह सकते। यह आपसी सहमति से लिया गया फैसला है, जिसमें दो व्यस्क लोग शामिल हैं।
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में फराह ने उम्मीद की है कि उनके इस फैसले को लोग स्वीकार करेंगे और इस आधार पर उनका मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। अकील ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपने अलगाव से जुड़ी जानकारी साझा की है। फराह के पोस्ट को अकील ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। वहीं, अपनी बहन फराह के पोस्ट पर सुजैन ने लिखा, 'आप दोनों को मेरा प्यार'।
फराह अभिनेता संजय खान और इंटीरियर डिजाइनर जरीन खान की बेटी हैं। सुजैन के अलावा फराह के दो और भाई-बहन हैं। उनका नाम जायद खान और सिमोन अरोड़ा है। वहीं, अकील संगीत जगत के चर्चित कलाकार हैं। अकील को सिंगर और कंपोजर के रूप में ख्याति मिल चुकी है। अकील 'डिस्को 82' और 'तू है वही' जैसी हिट फिल्मों को लेकर चर्चा में रहे हैं। वह मुंबई के वर्ली इलाके में 'हाइप नाइट क्लब' के मालिक भी हैं।