टॉम क्रूज की 'डिगर' में फहाद फाजिल को मिली थी ये भूमिका, इस कारण ठुकराया प्रस्ताव
क्या है खबर?
टॉम क्रूज की आगामी फिल्म 'डिगर' का आधिकारिक ट्रेलर जारी हो गया है। एलेजांद्रो जी. इनारितु के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में आएगी, जिसमें अभिनेता पहली बार एक बुजुर्ग व्यक्ति की भूमिका में हैं। ट्रेलर में उनके साथ नजर आए ब्रिटिश अभिनेता रिज अहमद भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इस बीच, पता चला है कि अहमद को लिए जाने से पहले इस किरदार के दावेदार 'पुष्पा' अभिनेता फहाद फाजिल थे।
खुलासा
इस कारण करना पड़ा था फिल्म से किनारा
मिड-डे के मुताबिक, पिछले साल क्यू स्टूडियो से बातचीत में फहाद ने 'डिगर' छोड़ने का कारण बताया था।
उन्होंने कहा था, "ऐसा नहीं था कि उन्होंने (निर्माताओं ने) मुझे अस्वीकार किया, बल्कि उन्हें मेरे उच्चारण को लेकर चिंता थी। उच्चारण सुधारने के लिए मुझे अमेरिका जाकर 3-4 महीने वहां रहने को कहा गया। लेकिन वे इसके लिए पैसे देने को तैयार नहीं थे। इसलिए मैंने यह प्रस्ताव ठुकराया।"
उन्होंने बताया कि उच्चारण सुधारने की उनकी कोई तीव्र इच्छा नहीं थी।
सपना
व्यावहारिक चुनौतियां आ गई थीं आड़े
फहाद ने बताया कि इनारितु के साथ काम करना एक सपने जैसा अवसर था, लेकिन व्यावहारिक चुनौतियों ने इसे मुश्किल बना दिया।
कॉमेडियन वीर दास भी इस भूमिका के दावेदार थे। फिल्म का ट्रेलर आने के कुछ समय बाद ही उन्होंने एक पोस्ट में बताया कि वह इस किरदार के लिए ऑडिशन दे चुके थे, लेकिन निर्माताओं ने अहमद को चुना। इससे उन्हें बहुत निराशा हुई थी।
हालांकि, बाद में कॉमेडियन ने पोस्ट को सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए कॉमेडियन का डिलीट पोस्ट
Vir Das revealed he gave two auditions for Alejandro G. Iñárritu's #DIGGER but the role ultimately went to Riz Ahmed.
— Anjali (@Vada_paaww) July 13, 2026
"I was severely crestfallen, but that's life. This script is insanity, in such a good way."
Sometimes even great auditions don't guarantee the role. pic.twitter.com/CD05oMg00S