'एक्सट्रैक्शन 3' के साथ वापसी करेंगे क्रिस हेम्सवर्थ, फिल्म पर आया ये अपडेट
क्या है खबर?
मार्वल की फिल्मों में 'थॉर' बनकर लोकप्रियता हासिल करने वाले अभिनेता क्रिस हेम्सवर्थ एक बार फिर नेटफ्लिक्स पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी चर्चित फ्रैंचाइजी फिल्म 'एक्सट्रैक्शन' की तीसरी कड़ी की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। फिल्म के निर्देशन की कमान सैम हरग्रेव ने संभाली है, जिन्होंने पहली 2 फिल्मों का निर्देशन भी किया था। पटकथा डेविड वेइल द्वारा लिखी जा रही है। 'एक्सट्रैक्शन 3' के जरिए क्रिस अपने लोकप्रिय किरदार 'टायलर रेक' के साथ वापसी करेंगे।
शूटिंग
जून, 2026 से शूटिंग शुरू होने की उम्मीद
TOI के मुताबिक, 'एक्सट्रैक्शन 3' के प्रोडक्शन का काम जून, 2026 में शुरू किया जा सकता है। फिल्म की शूटिंग के लिए निर्माताओं ने मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के कुछ हिस्सों की रेकी की है। क्रिस के अलावा, फिल्म में अभिनेता इदरीस एल्बा और गोल्शिफ्ते फराहानी भी 'अलकॉट' और 'निक खान' के रूप में अपने किरदारों को दोहराएंगे। खबरों के अनुसार, तीसरी कड़ी एंडे पार्क्स के ग्राफिक उपन्यास 'स्यूदाद' पर आधारित होगी।
रिलीज
'एक्सट्रैक्शन 3' की कहानी और रिलीज पर अपडेट
निर्माताओं द्वारा 'एक्सट्रैक्शन 3' की कहानी को गुप्त रखा गया है, लेकिन अटकलें हैं कि कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां दूसरी किस्त को खत्म किया गया था। फिल्म की रिलीज तारीख का ऐलान भी अभी नहीं किया गया है। हालांकि, उम्मीद है कि साल 2027 में नेटफ्लिक्स पर इसका प्रीमियर किया जा सकता है। 'एक्सट्रैक्शन' 24 अप्रैल, 2020 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इसकी सफलता के बाद 16 जून, 2023 में 'एक्सट्रैक्शन 2' रिलीज की गई थी।