Page Loader
क्या सलमान खान और प्रियंका चोपड़ा के बीच सब कुछ ठीक है? अभिनेत्री ने बताया सच

क्या सलमान खान और प्रियंका चोपड़ा के बीच सब कुछ ठीक है? अभिनेत्री ने बताया सच

Sep 25, 2019
09:10 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा लगभग तीन साल बाद बॉलीवुड में वापसी के लिए तैयार हैं। प्रियंका, सोनाली बोस की 'द स्काई इज़ पिंक' के जरिए वापसी कर रही हैं। हालांकि प्रियंका, सलमान खान की 'भारत' से वापसी करने वाली थीं, लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने फिल्म छोड़ दी थी। प्रियंका के फिल्म छोड़ने पर सलमान ने कई बार अभिनेत्री पर निशाना साधा था। ऐसे में अब सलमान के साथ प्रियंका ने अपने संबंधों पर बात की है।

बयान

मेरे और सलमान के बीच कभी भी कोई विवाद नहीं था- प्रियंका

मुंबई मिरर को दिए इंटरव्यू में प्रियंका ने कहा है कि उन्हें सलमान से कोई परेशानी नहीं है। प्रियंका ने कहा, "अगर मुझे कोई प्रतिक्रिया देनी होती तो मैं अब तक दे चुकी होती। सलमान अद्भुत इंसान हैं। मैंने हमेशा उनकी तारीफ की है। वह मेरे और निक के रिसेप्शन में आए थे, हम उनके घर भी गए थे। मैं उनकी बहन के काफी करीब हूं। ऐसे में मेरे और उनके बीच कभी भी कोई भी विवाद नहीं था।"

प्रमोशनल इवेंट

फिल्म छोड़ने के लिए प्रियंका को सलमान ने दिया था धन्यवाद

मालूम हो कि 'भारत' के प्रमोशन के वक्त भी सलमान ने प्रियंका का कई बार मजाक उड़ाया था। 'भारत' के एक प्रमोशनल इवेंट में सलमान ने कहा था, "धन्यवाद, प्रियंका! मैं हमेशा उनका शुक्रगुजार रहूंगा। 'भारत' को फ्लोर पर जाना था और शूटिंग शुरू होने के पांच दिन पहले प्रियंका ने कहा कि वह फिल्म नहीं कर सकतीं। अब अगर प्रियंका ने फिल्म को ना छोड़ा होता तो हम कैटरीना को फिल्म में कैसे लाते!"

इशारा

प्रियंका के 'भारत' छोड़ने से कतई खुश नहीं थे सलमान

एक नहीं सलमान के कई बयानों से साफ जाहिर था कि प्रियंका के फिल्म छोड़ने से वह कतई खुश नहीं हैं। सलमान ने एक और इंटरव्यू में कहा था, "भारत के ऊपर उन्होंने (प्रियंका ने) यूएसए को चुना। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी कितनी मेहनत की और जब उन्हें इतनी बड़ी फिल्म मिली तो उन्होंने इसे छोड़ दिया और शादी कर ली। सलाम! आमतौर पर इसके लिए तो हीरोइनें, पतियों को छोड़ देती हैं।"

जानकारी

अली ने दी थी प्रियंका के फिल्म छोड़ने की जानकारी

प्रियंका के फिल्म छोड़ने की जानकारी 'भारत' के निर्देेशक अली अब्बास जफर ने ट्वीट करके दी थी। प्रियंका के फिल्म छोड़ने के बाद कैटरीना को साइन किया गया था। निक जोनास से शादी की वजह से प्रियंका ने फिल्म छोड़ी थी।

वर्क फ्रंट

11 अक्टूबर को रिलीज़ होगी प्रियंका की 'द स्काई इज़ पिंक'

प्रियंका की 'द स्काई इज़ पिंक' की बात करें तो फिल्म ने रिलीज़ से पहले ही धमाल मचाना शुरू कर दिया है। प्रियंका और फरहान, फिल्म में पति-पत्नी के किरदार में नज़र आएंगे। 'द स्काई इज़ पिंक' में प्रियंका के साथ फरहान अख्तर और ज़ायरा वसीम भी हैं। टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दौरान फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर भी किया गया था। 'द स्काई इज़ पिंक' 11 अक्टूबर, 2019 को रिलीज़ होगी।