तेलुगू सिनेमा का बॉक्स ऑफिस पर एकतरफा राज, 'पेड्डी' बनी ये कारनामा करने वाली 11वीं महा-फिल्म
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर तेलुगू सिनेमा का दबदबा फिर साबित हो गया है। सुपरस्टार राम चरण की हालिया रिलीज फिल्म 'पेड्डी' ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए सीधे 100 करोड़ क्लब में एंट्री मार ली है। इसी के साथ 'पेड्डी' अब प्रभास की 'बाहुबली 2', 'सालार' और 'कल्कि 2898 एडी' जैसी महा-फिल्मो वाली उस खास लिस्ट में शामिल हो गई है, जिन्होंने पहले ही दिन वर्ल्डवाइड 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई का नया इतिहास रचा है।
धमाका
बॉक्स ऑफिस पर 'पेड्डी' का महा-तूफान
बॉक्स ऑफिस पर राम चरण की 'पेड्डी' का ऐसा तूफान आया है कि सारे पुराने रिकॉर्ड्स हवा में उड़ गए हैं। निर्देशक बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। फिल्म ने अपने पहले ही दिन 100 करोड़ के जादुई आंकड़े को बेहद आसानी से पार कर लिया और ऐसा करने वाली ये तेलुगू सिनेमा की 11वीं महा-फिल्म बन गई है।
कमाई
विदेशी बाजारों से 28 करोड़ और भारत से 82 करोड़
कमाई के आंकड़ों की बात करें तो 'पेड्डी' ने पहले ही दिन दुनियाभर से लगभग 110 करोड़ का बंपर कमाई की है, जिसमें अकेले भारत से 82 करोड़ से ज्यादा और विदेशी बाजारों से लगभग 28 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। इस 100 करोड़ी क्लब में पैन-इंडिया सुपरस्टार प्रभास का एकतरफा राज है। सूची की 11 फिल्मों में से अकेले 6 फिल्में ('बाहुबली 2', 'साहो', 'आदिपुरुष', 'सालार', 'कल्कि 2898 AD' और 'द राजा साब') सिर्फ प्रभास की हैं।