ईशा देओल को खूब खल रही रोमांस की कमी, बोलीं- हेमा-धर्मेंद्र जैसा प्यार अब नहीं मिलता
क्या है खबर?
अभिनेत्री ईशा देओल ने बिजनेसमैन भरत तख्तानी से तलाक के बाद अपनी निजी जिंदगी और अकेलेपन पर खुलकर बात की है। एक इंटरव्यू में अपनी टूटी शादी और जिंदगी में प्यार की कमी पर ईशा का दर्द छलका। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अपनी जिंदगी में प्यार और रोमांस को कमी बड़ी खलती है, लेकिन उनके मुताबिक आज के दौर में उनके माता-पिता जैसा सच्चा और हमेशा टिकने वाला प्यार मिलना नामुमकिन हो चुका है।
चर्चा
तलाक को सुर्खियां नहीं बनाना चाहती थीं ईशा
ईशा हाल ही में कर्ली टेल्स पॉडकास्ट में नजर आईं, जहां उन्होंने जनता की नजरों में रहते हुए अलगाव के दौर से गुजरने की भावनात्मक चुनौतियों पर खुलकर बात की। ईशा ने कहा कि वो कभी नहीं चाहती थीं कि उनका अलगाव अखबारों की सुर्खियां बने। हालांकि, वो इस बात को समझती थीं कि सार्वजनिक हस्ती होने के नाते उन्हें और भरत को इस स्थिति से पूरी गरिमा और संवेदनशीलता के साथ निपटना होगा।
बयान
भरत से अलगाव पर खुलकर बोलीं ईशा
ईशा ने कहा, "ये हमारा बिल्कुल निजी मामला है, जो सिर्फ 2 लोगों के बीच का है। हम जिस पेशे में हैं, वहां चीजें लोगों के सामने आ ही जाती हैं। वैसे न तो मैं अपनी निजी जिंदगी पर ज्यादा बात करना पसंद करती हूं और ना ही भरत या उनका परिवार ऐसा है, लेकिन उस वक्त हालात ऐसे बन गए थे कि बात सामने आ गई। इसमें हमारे बच्चे भी जुड़े हैं।"
मुश्किल समय
मुश्किल घड़ी में मिला मायके का साथ
ईशा ने कहा कि इस पूरे मामले में उनके बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों की वजह से यह स्थिति और भी संवेदनशील हो जाती है। आप तो जानते ही हैं कि जिंदगी में ऐसे मोड़ बहुत ही नाजुक और संवेदनशील होते हैं, जहां इंसान को बहुत सोच-समझकर और फूंक-फूंक कर कदम रखना पड़ता है, लेकिन अच्छी बात ये रही कि इस पूरे सफर में ईशा के परिवार ने हर कदम पर उनका पूरा साथ दिया।
ट्रोलिंग
सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर बोलीं ईशा
ईशा ने बताया कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर कमेंट सेक्शन फिलहाल बंद है। उनके अनुसार, परिवार के मुश्किल दौर में लगातार आ रही प्रतिक्रियाओं को देखते हुए उनकी टीम ने ये फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए कलाकार अपने फैंस के करीब आते हैं, लेकिन लोगों को भी इस खुलेपन का सम्मान करना चाहिए। अगर कोई चीज पसंद आए तो उसकी सराहना करें, लेकिन मर्यादा बनाए रखें।
रोमांस
"अभी मेरी जिंदगी में रोमांस नहीं है"
ईशा ने खुद को प्यार पर यकीन करने वाली इंसान बताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि किसी भी इंसान की जिंदगी में प्यार और रोमांस सबसे जरूरी चीजें हैं, जो अभी मेरी जिंदगी में नहीं हैं। मुझे रोमांटिक होना पसंद है। मुझे रोमांटिक गाने और प्रेम कहानियां बेहद पसंद हैं।" जब ईशा से पूछा गया कि क्या दिल टूटने और शादी खत्म होने से प्यार को लेकर उनका नजरिया बदल गया है तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया।
प्रेम
धर्मेंद्र-हेमा जैसा निश्छल प्यार अब नहीं मिलता- ईशा
ईशा ने कहा, "प्यार को लेकर उनकी सोच नहीं बदली है। ब्रेकअप जिंदगी का हिस्सा हैं, लेकिन इससे प्यार पर उनका भरोसा कम नहीं हुआ। मेरे माता-पिता, धर्मेंद्र और हेमा मालिनी के रिश्ते जैसा बिना शर्त वाला प्यार मुझे प्रेरित करता है। ऐसा प्यार आज के दौर में मिलना बहुत मुश्किल है। उस स्तर का प्यार अब बचा ही नहीं है। मैंने उस प्यार को बहुत करीब से देखा है। उनके रिश्ते में एक मर्यादा, सम्मान और निश्छल प्रेम था।"