रणवीर सिंह के 'डॉन 3' छोड़ने पर फरहान अख्तर बोले- ये आजकल का नया ट्रेंड है
क्या है खबर?
'डॉन 3' से रणवीर सिंह के अचानक बाहर होने से खूब विवाद हुआ। फिल्म निकाय के हस्तक्षेप और कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद इस मुद्दे पर पूरी इंडस्ट्री 2 हिस्सों में बंट चुकी है। निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर और रणवीर के रिश्ते में आई खटास के बीच हाल ही में फरहान ने बिना नाम लिए अभिनेता पर तीखा तंज कसा। फरहान ने उनके इस तरह ऐन वक्त पर प्रोजेक्ट छोड़ने को आजकल का एक 'नया ट्रेंड' करार दिया है।
किस्सा
फरहान अख्तर ने याद किया 25 साल पुराना किस्सा
अपनी निर्देशक के रूप में पहली फिल्म 'दिल चाहता है' के 25 साल पूरे होने पर द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत के दौरान फरहान ने सैफ अली खान से जुड़ा एक किस्सा साझा किया।
उन्होंने बताया कि शूटिंग शुरू होने से ठीक कुछ दिन पहले सैफ फिल्म छोड़ना चाहते थे। दूसरी फिल्म का शेड्यूल बदलने के कारण सैफ तारीखों की समस्या में फंस गए थे। काफी समझाने के बावजूद मजबूरी में उन्होंने फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया था।
खुलासा
फरहान का 'दिमाग हो गया था खराब'
फरहान बोले कि 'दिल चाहता है' की शूटिंग से ठीक पहले सैफ के सामने दूसरी फिल्म के कारण तारीखों की समस्या खड़ी हो गई थी।
हर संभव कोशिश और समझाने के बावजूद मजबूरी में सैफ ने फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया था।
फरहान ने कहा, "उस वक्त मेरा दिमाग काम करना बंद कर चुका था। जब हमने उस किरदार पर काम शुरू किया था, तब हमें लगा था कि सैफ के अलावा इसे कोई और निभा ही नहीं सकता।"
तंज
सैफ का किस्सा सुनाते हुए फरहान ने रणवीर पर कसा तंज
फरहान ने कहा, "मेरे लिए ये ऐसा था जैसे मेरा दिमाग ही काम करना बंद कर चुका हो, क्योंकि ये नामुमकिन सा था और सच में मेरे लिए एक दिल तोड़ने वाला पल था।"
सैफ के फिल्म छोड़ने का जिक्र करते हुए फरहान ने रणवीर द्वारा शूटिंग शुरू होने से ठीक कुछ दिन पहले 'डॉन 3' छोड़ने की घटना को भी याद किया।
इसके बाद बिना नाम लिए फरहान ने रणवीर पर चुटीला तंज कसा।
निशाना
'डॉन 3' विवाद पर फरहान का बयान
फरहान ने आगे कहा, "शूटिंग शुरू होने में बस 1 महीना बचा था, जो आजकल एक पैटर्न बन गया है।
रणवीर पर कसे गए इस तंज को सुनकर इंटरव्यू लेने वाला शख्स जोर से हंस पड़ा। इस हंसी पर फरहान बोले, "लेकिन, सिर्फ मेरे साथ ही नहीं...ऐसे वाकये दूसरों के साथ भी होते रहते हैं।"
बता दें कि रणवीर ने 'डॉन 3' की शूटिंग शुरू होने से ठीक कुछ दिन पहले अचानक फिल्म छोड़कर सभी को चौंका दिया था।