'आवारापन 2' की सफलता के बीच इमरान हाशमी का फैंस को बड़ा तोहफा, जल्द आएगी 'आवारापन 3'
इमरान हाशमी ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'आवारापन' के तीसरे भाग का संकेत दिया है। मुंबई में 'आवारापन 2' की एक खास स्क्रीनिंग के दौरान उन्होंने फैंस से कहा, "ये फिल्म निर्माताओं से ज्यादा इसे चाहने वाले प्रशंसकों की है।" इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द 'आवारापन 3' भी दर्शकों के बीच आएगी।
बता दें कि साल 2007 की फिल्म 'आवारापन' का सीक्वल 'आवारापन 2' बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत कर चुका है और इसे एडवांस बुकिंग में भी बेहतरीन प्रतिक्रिया मिली।
'आवारापन 2' में बाल तस्करी की कहानी
नितिन कक्कड़ के निर्देशन और विशेष फिल्म्स के बैनर तले बनी 'आवारापन 2' में इमरान हाशमी एक बार फिर 'शिवम पंडित' के किरदार में नजर आ रहे हैं। इस बार शिवम बाल तस्करी से जुड़े एक गंभीर मिशन पर काम करता है। फिल्म में बदला, प्रायश्चित और इमोशन का जबरदस्त तड़का लगाया गया है।
फिल्म में दिशा पाटनी ने 'जारा' और शबाना आजमी ने गैंगस्टर क्वीन 'नफीसा' का दमदार रोल निभाया है। स्क्रीनिंग के दौरान इमरान ने फैंस से कहा, "फिल्म अभी खत्म नहीं हुई है, इसका अगला हिस्सा और भी धमाकेदार है," जिससे दर्शकों में आगे की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।