एमी अवॉर्ड्स नामांकन 2026: 'द पिट', 'हैक्स' और 'विडोज बे' ने मारी बाजी, देखें पूरी सूची
क्या है खबर?
टीवी और डिजिटल दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक एमी अवॉर्ड्स 2026 के नामांकन की घोषणा हो चुकी है। इस साल 'द पिट', हैक्स' और 'विडोज बे' जैसी लोकप्रिय सीरीज ने अपना दबदबा बनाते हुए सबसे ज्यादा नामांकन अपने नाम किए हैं। ड्रामा से लेकर कॉमेडी की श्रेणी तक, इस बार मुकाबला बेहद कड़ा होने वाला है। आइए देखते हैं 78वें एमी अवॉर्ड्स में किसे, किस श्रेणी में मिला नामांकन।
रिकॉर्ड
'द पिट' को मिले सबसे ज्यादा 25 नामांकन
78वें एमी अवार्ड्स 2026 के नामांकनों में कुल 25 नामांकनों के साथ 'द पिट' ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। इसके ठीक पीछे लोकप्रिय कॉमेडी शो 'हैक्स' है, जिसने 1 ही साल में किसी भी कॉमेडी शो के लिए सबसे अधिक 24 नामांकनों का एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। इनके अलावा 'विडोज बे' को 19 नामांकन और 'प्लुरिबस' को 18 नामांकन मिले हैं, जबकि नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज 'बीफ' को भी 16 नामांकनों के साथ बड़ी कामयाबी मिली है।
आउटस्टैंडिंग ड्रामा सीरीज
'आउटस्टैंडिंग ड्रामा सीरीज' के लिए इन शोज में होगी कांटे की टक्कर
एमी अवार्ड्स की प्रतिष्ठित 'आउटस्टैंडिंग ड्रामा सीरीज' श्रेणी में इस बार कड़ा मुकाबला है। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा बटोरने वाले मुख्य दावेदार 'द पिट' और 'प्लुरिबस' शामिल हैं। इनके अलावा दर्शकों और समीक्षकों के पसंदीदा शोज 'द डिप्लोमैट', 'द गिल्डेड एज', 'ए नाइट ऑफ द सेवन किंगडम्स', 'पैराडाइज', 'स्लो हॉर्सेज' और 'योर फ्रेंड्स एंड नेबर्स' भी इस साल चमचमाती ट्रॉफी को अपने नाम करने की रेस में पूरी मजबूती से डटे हुए हैं।
ड्रामा
'बेस्ट लीड एक्टर और एक्ट्रेस (ड्रामा)' की रेस में कौन-कौन है शामिल?
78वें एमी अवार्ड्स की ड्रामा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अभिनेत्री के लिए कड़ा मुकाबला है। 'बेस्ट लीड एक्टर' की रेस में नोआ विली (द पिट), स्टर्लिंग के. ब्राउन (पैराडाइज), गैरी ओल्डमैन (स्लो हॉर्सेज), मार्क रफालो (टास्क) और रूफस सीवेल (द डिप्लोमैट) शामिल हैं। उधर 'बेस्ट लीड एक्ट्रेस' के लिए जेंडया (युफोरिया), कैरी कून (द गिल्डेड एज), चेस इन्फिनिटी (द टेस्टामेंट्स), केरी रसेल (द डिप्लोमैट) और रिया सीहॉर्न (प्लुरिबस) चमचमाती ट्रॉफी के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर रही हैं।
बेस्ट कॉमेडी एक्टर
'बेस्ट कॉमेडी एक्टर और एक्ट्रेस की रेस में इन दिग्गजों में टक्कर
इस बार कॉमेडी श्रेणी में भी कड़ी टक्कर है। 'बेस्ट लीड एक्टर' की रेस में मैथ्यू राइस (विडोज बे), याह्या अब्दुल-मतीन द्वितीय (वंडर मैन), स्टीव कारेल (रूस्टर), जेसन सेगल (श्रिंकिंग) और मार्टिन शॉर्ट शामिल हैं, वहीं 'बेस्ट लीड एक्ट्रेस' के खिताब के लिए जीन स्मार्ट (हैक्स), क्विंटा ब्रन्सन (एबट एलिमेंट्री), आयो एडेबिरी (द बेयर), एली फैनिंग (मार्गोस गॉट मनी ट्रबल्स) और लिसा कुड्रो (द कमबैक) जैसी दिग्गज अभिनेत्रियां इस मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना रही हैं।
आयोजन
जानिए कब और कहां होगा आयोजन
बेस्ट लिमिटेड या एंथोलॉजी सीरीज' की श्रेणी में नेटफ्लिक्स की 'बीफ' मजबूती से सबसे आगे है। इसके साथ ही 'ऑल हर फॉल्ट', 'द बीस्ट इन मी', 'डीटीएफ सेंट लुइस' और 'लव स्टोरी' भी इस रेस में शामिल हैं। एमी अवॉर्ड्स के इस भव्य पुरस्कार समारोह का आयोजन 14 सितंबर, 2026 को लॉस एंजिल्स के पीकॉक थिएटर में किया जाएगा, जिसकी मेजबानी मारिस्का हार्गिटे करेंगी। इसका सीधा प्रसारण NBC पर लाइव होगा और इसे पीकॉक पर स्ट्रीम किया जा सकेगा।