स्टीवन स्पीलबर्ग की फिल्म में AI का इस्तेमाल करने से एमिली ब्लंट का साफ इनकार, खुद मुंह से निकालीं खौफनाक आवाजें
हॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग की आने वाली साइंस-फिक्शन थ्रिलर फिल्म 'डिस्क्लोजर डे' को लेकर एक बड़ी खबर आई है। मशहूर अभिनेत्री एमिली ब्लंट ने फिल्म के एक बेहद खास सीन के लिए AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की आवाज का इस्तेमाल करने से साफ इनकार कर दिया है।
इस फिल्म में एमिली एक मौसम वैज्ञानिक का रोल कर रही हैं। फिल्म में एक ऐसा सीन है, जहां वो लाइव टीवी पर अचानक इंसानी भाषा छोड़कर एलियंस की भाषा बोलने लगती हैं। निर्माता पहले इस सीन के लिए AI से तैयार की गई डरावनी आवाजों का इस्तेमाल करना चाहते थे, लेकिन एमिली इसके लिए तैयार नहीं हुईं।
उनका मानना था कि इस सीन में जो डर और भावनाएं होनी चाहिए, वो सिर्फ एक इंसान की असली आवाज से ही आ सकती हैं। इसलिए उन्होंने खुद इस अजीबोगरीब आवाज को डब करने का फैसला किया।
बता दें कि ये फिल्म इसी महीने 12 जून को रिलीज होने वाली है।
क्या फिल्मों से इंसानी रचनात्मकता खत्म कर रहा AI?
एमिली ने 'हॉट वन्स' शो पर अपने इस फैसले के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वह इन अजीबोगरीब आवाजों को खुद बनाना चाहती थीं। एक साउंड डिजाइनर के साथ मिलकर एमिली ने कई तरह के क्लिक्स और हम्स रिकॉर्ड किए, जो बाद में फिल्म के डरावने इफेक्ट का हिस्सा बन गए। एमिली का यह चुनाव फिल्मों में AI की वजह से रचनात्मकता पर पड़ने वाले असर को लेकर बढ़ती चिंताओं को भी दर्शाता है।
एलियंस और UFO की दुनिया में वापस लौटे स्टीवन स्पीलबर्ग
ये फिल्म स्टीवन स्पीलबर्ग को एलियन-थीम वाले साइंस फिक्शन जॉनर में वापस लाती है और इसकी कहानी UFO से जुड़ी एक बड़ी साजिश के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की दमदार स्टार कास्ट में एमिली ब्लंट के साथ जोश ओ'कॉनर, कॉलिन फर्थ, ईव हेविटसन, कोलमैन डोमिंगो और वायट रसेल जैसे कलाकार भी शामिल हैं।