एल्विश यादव की बॉलीवुड में बड़ी छलांग, 'मालामाल वीकली 2' में इन दिग्गजों संग मचाएंगे धमाल
क्या है खबर?
यूट्यूबर और 'बिग बॉस OTT' विजेता एल्विश यादव के कदम अब बॉलीवुड में तेजी से जमते जा रहे हैं। टाइगर श्रॉफ के साथ एक्शन ड्रामा फिल्म की घोषणा के बाद एल्विश को अब एक और बड़ा बॉलीवुड प्रोजेक्ट मिल गया है। वो सुपरहिट कॉमेडी फिल्म 'मालामाल वीकली' की अगली कड़ी 'मालामाल वीकली 2' में नजर आएंगे। इस फिल्म में उन्हें रितेश देशमुख, परेश रावल और राजपाल यादव जैसे बड़े अभिनेताओं के साथ स्क्रीन शेयर करते देखा जाएगा।
बड़ा मौका
रितेश-परेश और राजपाल की तिकड़ी संग दिखेंगे एल्विश
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, 'मालामाल वीकली 2' के लिए रितेश देशमुख, एल्विश यादव, परेश रावल और राजपाल यादव के नाम तय कर लिए गए हैं। रितेश फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
परेश, राजपाल और रितेश की मूल तिकड़ी इस सीक्वल में वापसी कर रही है, वहीं एल्विश की मुख्य कलाकारों में एक नई और बड़ी एंट्री हुई है।
सभी कलाकारों की ओर से मौखिक सहमति मिल चुकी है और फिलहाल फिल्म साइन करने की प्रक्रिया चल रही है।
आभार
आपके प्यार ने ही मुझे 'मालामाल' किया- एल्विश
एल्विश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वो बिना किसी गॉडफादर के बॉलीवुड में आए हैं और आम जनता के बीच से निकलकर आज जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, वो सिर्फ अपने प्रशंसकों के प्यार की बदौलत है।
एल्विश ने कहा कि दर्शकों से मिले इस बेपनाह प्यार की वजह से ही वो आज खुद को असली मायने में 'मालामाल' महसूस करते हैं। उन्होंने अपने फैंस से आगे भी इसी तरह अपना समर्थन और प्यार बनाए रखने की अपील की।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए एल्विश का पोस्ट
Nayi film. Naya safar. ❤️
— Elvish Yadav (@ElvishYadav) August 13, 2026
Main bahar se aaya hoon, Bollywood mein mera koi nahi tha. Aap logon ke beech se uth kar aaya, aur aapke pyaar ne mujhe ab bade parde tak pahuncha diya.
Aaj jo kuch bhi hoon, aapke pyaar ki wajah se hoon. Aur isi pyaar ki wajah se main "MALAMAAL" hu.…
कहानी
नई कहानी, पर वही पुराना लालच और ड्रामा
'मालामाल वीकली 2' एक बिल्कुल नई कहानी के साथ दर्शकों के बीच आएगी। हालांकि, फिल्म का मूल प्लॉट पहली फिल्म जैसा ही रहेगा, जहां गरीबी, लालच और अचानक अमीर बनने की चाह में छोटे शहर के लोग एक उलझन भरे ड्रामे में फंस जाते हैं।
फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' के सह-निर्देशक अमित जोशी इस प्रोजेक्ट का निर्देशन करेंगे। वो फिलहाल पटकथा को अंतिम रूप दे रहे हैं। नवंबर 2026 तक इस फिल्म की शूटिंग शुरू होगी।
पहली फिल्म
एल्विश यादव की पहली बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग शुरू
बता दें कि एल्विश निर्देशक रेमो डिसूजा की फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। टाइगर श्रॉफ और अभिषेक बनर्जी अभिनीत इस फिल्म में एल्विश भी मुख्य भूमिका में हैं। ये एक जोरदार एक्शन एंटरटेनर होगी, जिसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है।
अंकिता लोखंडे के पति और बिजनेसमैन विक्की जैन फिल्म के प्रोडक्शन का काम संभाल रहे हैं। ये बतौर निर्माता उनकी पहली फिल्म है।
इसके बाद एल्विश 'मालामाल वीकली 2' में अपने अभिनय का जलवा बिखेरते दिखेंगे।