Page Loader
एल्विश यादव अब झूठ बोलकर मुश्किलों में फंसे, फर्जी वीडियो पर दर्ज हुई FIR
एल्विश यादव फिर विवादों में (तस्वीर: एक्स/@nickumania)

एल्विश यादव अब झूठ बोलकर मुश्किलों में फंसे, फर्जी वीडियो पर दर्ज हुई FIR

Feb 12, 2025
12:47 pm

क्या है खबर?

यूट्यूबर एल्विश यादव एक बार फिर विवादों में हैं। उन पर फिर कानूनी गाज गिर पड़ी है। दरअसल, एक फर्जी वीडियो के चक्कर में राजस्थान पुलिस ने एल्विश के खिलाफ FIR दर्ज की है, साथ ही उनपर राजस्थान पुलिस की छवि खराब करने का आरोप भी लगाया गया है। दरअसल, एल्विश ने वीडियो साझा कर राजस्थान पुलिस को लेकर कुछ दावे किए थे, जिनकी पोल खोलते हुए पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। आइए पूरा मामला जानें।

वीडियो

क्या था वीडियो?

एल्विश ने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह राजस्थान के मंत्री प्रताप सिंह खचरियावास के बेटे संग नजर आए। एल्विश ने वीडियो में दावा किया था कि जयपुर में एक म्यूजिक वीडियो शूट के लिए राजस्थान पुलिस ने उन्हें एस्कॉर्ट किया है। फेसबुक पर मौजूद वीडियो में एल्विश कहते दिखे थे, "राजस्थान पुलिस पूरे दिन मेरा ख्याल रख रही है।" उन्होंने अपनी कार के आगे चल रही एक गाड़ी की ओर इशारा करते हुए कहा, "ये है वो जिप्सी।"

इनकार

पुलिस ने किया दावे को खारिज

उधर पुलिस ने एल्विश के दावे को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें कोई आधिकारिक सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई थी। उनके खिलाफ साइबर पुलिस थाने में राजस्थान पुलिस की प्रतिष्ठा को नुकसाने पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ACP) रामेश्वर सिंह ने भी स्पष्ट किया कि एल्विश को कोई भी एस्कॉर्ट वाहन मुहैया नहीं कराया गया है। पुलिस सुरक्षा केवल स्थापित प्रोटोकॉल के तहत ही दी जाती है।

शूट

8 फरवरी को जयपुर आए थे एल्विश

इस बीच कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने खुद और अपने बेटे को इस विवाद से अलग कर लिया है। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने और ना ही उनके बेटे ने पुलिस एस्कॉर्ट की मांग की थी। एल्विश 8 फरवरी को सांभर में एक म्यूजिक वीडियो शूट के लिए जयपुर आए थे। इस दौरान उन्होंने एक व्लॉग भी फिल्माया। विवादित फुटेज इसी व्लॉग का हिस्सा था, जिसमें एक पुलिस वाहन उनके आगे चलते हुए दिखाई दिया।

विवाद

आए दिन विवादों में रहते हैं एल्विश

बीती जनवरी एल्विश के खिलाफ गाजियाबाद में मुकदमा दर्ज हुआ था, जो सांपों के जहर की तस्करी करने के मामले से जुड़ा था। एल्विश पर ये मुकदमा इस केस के गवाह सौरभ गुप्ता को धमकाने के आरोप में दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नोएडा में मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद से एल्विश और उसके समर्थक सौरभ और उनके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।