अक्षय कुमार ने फिल्म फ्लॉप होने पर लौटाई थी फीस, एकता कपूर ने सुनाया किस्सा
क्या है खबर?
अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन अपनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' के साथ वापसी कर रहे हैं। निर्माताओं ने 6 अप्रैल को मुंबई में एक कार्यक्रम रखा, जिसमें फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म की पूरी कास्ट के साथ एकता कपूर भी शामिल हुईं जो 'भूत बंगला' की प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने अक्षय के साथ अपने पिछले सहयोग काे याद किया और बताया कि कैसे अभिनेता ने फिल्म फ्लॉप होने पर उन्हें फीस लौटा दी थी।
खुलासा
एकता कपूर का खुलासा, 31 सालों में किसी ने ऐसा नहीं किया
ट्रेलर लॉन्च पर एकता बोलीं, "उनके (अक्षय) बारे में यह बात कोई नहीं जानता। वह एक चेक लेकर आए और बोले, 'यह आपके लिए पैसे वापस हैं। आपने नुकसान उठाया है। अपने पैसे ले लीजिए।' मैं दंग रह गई। कोई नहीं करता। मेरे 31 सालों में किसी ने नहीं किया।" उस वक्त उन्होंने अक्षय को जवाब दिया था, "नहीं सर, आप मेरे लिए एक फिल्म कीजिए। अगर आप मेरे साथ फिल्म करेंगे तो मैं खूब पैसा कमाऊंगी।"
फिल्म
इस फ्लॉप फिल्म की बात कर रही थीं एकता कपूर
एकता ने कहा कि आखिरकार 'भूत बंगला' के रूप में उन्हें अक्षय के साथ फिल्म मिली। जहां तक उस फिल्म की बात है जो फ्लॉप हुई थी, वो गैंगस्टर फिल्म 'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा' (2013) थी। 'भूत बंगला' की बात करें, तो यह 17 अप्रैल को रिलीज होगी, जबकि 16 अप्रैल को रात 9 बजे पेड प्रिव्यू शोज होंगे। फिल्म में अक्षय के अलावा, वामिका गब्बी, राजपाल यादव, परेश रावल, तब्बू और असरानी जैसे सितारे हैं।