LOADING...
'भूत बंगला' की सफलता से गदगद हुईं एकता कपूर, सीक्वल पर टिकाई नजरें
'भूत बंगला' के सीक्वल की चर्चा तेज

'भूत बंगला' की सफलता से गदगद हुईं एकता कपूर, सीक्वल पर टिकाई नजरें

Apr 21, 2026
07:22 pm

क्या है खबर?

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की फिल्म 'भूत बंगला' को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। इस हॉरर-कॉमेडी के साथ एकता कपूर भी बतौर निर्माता जुड़ी हैं। इंडिया टुडे के मुताबिक, फिल्म की सफलता से खुश हाेकर एकता इसका सीक्वल बनाने पर विचार कर रही हैं। उनकी योजना इसे एक व्यापक फ्रैंचाइजी व्यवस्था में बदलने की है। बता दें, 'भूत बंगला' 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, जिसमें डर और कॉमेडी का भरपूर तड़का है।

विचार

'भूत बंगला' के भविष्य की योजना पर विचार

एकता के करीबी सूत्र ने बताया, "'भूत बंगला' को परिवारों से मिल रहे प्यार और प्रतिक्रिया को देखते हुए, निर्माता निश्चित रूप से इस फ्रैंचाइजी को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। यह एक रोमांचक क्षेत्र है, और इसलिए सीक्वल बनने की पूरी संभावना है।" हालांकि, परियोजना अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन निर्माता की हॉरर-कॉमेडी में दिलचस्पी को देखते हुए, वह इस क्षेत्र में और भी कहानियों के साथ वापसी करना चाहती हैं।

फिल्म

'भूत बंगला' का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन

'भूत बंगला' ने रिलीज के 4 दिन पूरे करते हुए भारत में 64 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार कर लिया है। वहीं दुनियाभर में यह 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने अपने पहले सोमवार को विदेशी बाजारों से 2.50 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका वैश्विक कलेक्शन 106.34 करोड़ रुपये हो गया। फिल्म में वामिका गब्बी, राजपाल यादव, परेश रावल, तब्बू, जीशू सेनगुप्ता और असरानी जैसे सितारे भी हैं।

Advertisement