Page Loader
शाहरुख खान से सलमान खान तक, इन सितारों की फिल्मों में दिखीं दशहरा की खूबसूरत झलकियां
इन सितारों की फिल्मों में दिखा दशहरा का पर्व

शाहरुख खान से सलमान खान तक, इन सितारों की फिल्मों में दिखीं दशहरा की खूबसूरत झलकियां

Oct 12, 2024
11:51 am

क्या है खबर?

भारत में फिलहाल त्योहरों का मौसम जारी है। नवरात्रि के 10वें दिन विजयादशमी या दशहरा का पर्व मनाया जाता है। इसी दिन भगवान श्रीराम ने रावण का अंत किया था। ऐसा मान्यता है कि लोग दशमी के रोज रावण को जलाकर बुराई का अंत करते हैं। बॉलीवुड की कई ऐसी फिल्में हैं, जिनमें दशहरा के पर्व को खूबसूरती से दिखाया गया है। आइए जानें किन सितारों की किन फिल्मों में दिख चुकी दशहरा की झलक।

#1

'रा.वन'

शुरुआत करते हैं शाहरुख खान की फिल्म 'रा.वन' से। फिल्म में आधुनिक तकनीक के जरिए रामायण की कहानी को दिखाने की कोशिश की गई थी। इसने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये कमाए थे। अर्जुन रामपाल फिल्म में 'रा. वन' के किरदार में दिखे थे, जो एक वीडियो गेम से असल दुनिया में आ जाता है। आप इस फिल्म को जियो सिनेमा पर देख सकते हैं और अपने दशहरा की छुट्टी को नई तरह की रामायण देखकर बिता सकते हैं।

#2

'कहानी'

विद्या बालन की फिल्म 'कहानी' में दशहरे को काफी खास जगह दी गई है। इस फिल्म की कहानी महिला शक्ति को दर्शाती है। फिल्म में एक सीन है, जब विद्या दशहरा मनाने वाली महिलाओं की भीड़ के बीच में घुसकर अपने पति की मौत का बदला लेती है और उसके कातिलों को मारती है। 8 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने केवल भारत में 51 करोड़ रुपये कमाए थे। अमेजन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म देखी जा सकती है।

#3

'दिल्ली 6'

राकेश ओमप्रकाश के निर्देशन में बनी फिल्म 'दिल्ली 6' में रामलीला और रावण दोनों की झलक देखने को मिली। इसमें यह दिखाया गया कि कैसे बुराई पर अच्छाई की जीत होती है। फिल्म में अभिषेक बच्चन और सोनम कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। बता दें कि अदिति राव हैदरी की यह पहली हिंदी फिल्म थी। फिल्म ने कई पुरस्कार अपने नाम किए, वहीं दुनियाभर के फिल्म महोत्सवों में इसे सराहा गया। नेटफ्लिक्स पर यह फिल्म मौजूद है।

#4 और #5

'बजरंगी भाईजान' और 'स्वदेश'

सलमान खान की 'बजरंगी भाईजान' में दशहरा का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया गया है। इसके एक गाने 'तू चाहिए' में रामलीला का सीन भी आता है। 75 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने 900 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म डिज्नी+हॉटस्टार पर है। उधर नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर मौजूद शाहरुख खान की फिल्म 'स्वदेश' में दशहरा का एक बहुत ही खूबसूरत सीन है। फिल्म में भगवान राम की रावण पर जीत को रामलीला दृश्य के जरिए दर्शाया था।