राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट ने दी सलाह, कहा- अपनी छवि सुधारने के लिए फिल्म बनाएं
अभिनेता राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट ने एक अनोखी सलाह दी है और वो है नई फिल्म बनाने की। यह सलाह तब आई जब कोर्ट उनके चेक बाउंस मामले की सुनवाई कर रहा था।
जजों ने देखा कि उन्होंने हाल ही में अपने बकाये का कुछ हिस्सा चुकाने के लिए 1.15 करोड़ रुपये दिए हैं। इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने उन्हें फिल्मों पर ही ध्यान देने के लिए कहा।
उनका मानना था कि इससे राजपाल की पब्लिक इमेज भी सुधरेगी और दर्शकों का मनोरंजन भी होगा।
7 चेक बाउंस होने पर राजपाल हुए थे दोषी करार
राजपाल की पैसों से जुड़ी दिक्कतें साल 2010 से चली आ रही हैं, जब उन्होंने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था।
साल 2013 में, उन्होंने 7 चेक जारी किए थे, जो बाउंस हो गए। इसी मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया और इस साल उन्हें 3 महीने की जेल की सजा भी सुनाई गई।
अब उनकी कानूनी टीम कह रही है कि कुछ संपत्ति बेचकर वे जल्द ही अपना और कर्ज चुका सकते हैं। ऐसे में, उनके लिए इस मामले का सुखद अंत होने की उम्मीद अभी भी बनी हुई है।