दुलकर सलमान की फिल्म 'आई एम गेम' ऐन मौके पर टली, क्या है बदलाव की वजह?
क्या है खबर?
मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार दुलकर सलमान ने अपने फैंस को बड़ा झटका दे दिया है। उनकी फिल्म 'आई एम गेम' ओणम के अवसर पर 20 अगस्त को रिलीज होनी थी, जिसे अब टाल दिया गया। हाल ही में, इस पैन-इंडिया फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज हुआ था, जिसमें दुलकर के दमदार अभिनय और किरदार ने फैंस को उतावला कर दिया। लोग इसकी रिलीज की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन ऐन मौके पर निर्माताओं ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
कारण
आखिर क्यों रिलीज से चंद दिन पहले टली 'आई एम गेम'?
'आई एम गेम' के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर इसकी नई रिलीज तारीख का ऐलान किया है। यह अब 3 सितंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाया कि यह देरी इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के लिए एक बड़े विजन के साथ की गई है।
निर्माताओं ने बताया कि फिल्म को कई बाजारों में व्यापक रूप से रिलीज करने की तैयारी चल रही है, जिससे दर्शकों को इस एक्शन थ्रिलर का व्यापक अनुभव मिल सकेगा।
रिलीज
एक साथ 5 भाषाओं में आएगी फिल्म
मूल रूप से मलयालम भाषा में बनी 'आई एम गेम' सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषा में भी रिलीज होगी। बहुभाषी रिलीज से इसकी अखिल भारतीय पहुंच मजबूत होने और दुलकर की इस नई परियोजना को विभिन्न क्षेत्रों के दर्शकों तक पहुंचाने की उम्मीद है।
फिल्म का निर्देशन नाहस हिेदायत ने किया है, जिसमें एंटनी वर्गीज, मैस्किन, कयादु लोहार, कथिर, पार्थ तिवारी और संयुक्ता विश्वनाथन सहित कई जाने-माने कलाकारों की टोली भी शामिल है।