दुआ लीपा और कैलम टर्नर ने लंदन में रचाई शादी, सामने आईं बेहद खूबसूरत तस्वीरें
क्या है खबर?
लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे पॉप स्टार दुआ लीपा और हॉलीवुड अभिनेता व मॉडल कैलम टर्नर अब हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए हैं। उन्होंने अपनी शादी के लिए लंदन को चुना, जो कैलम का गृहनगर भी है। शादी के इस खास मौके पर केवल उनके परिवार के लोग, करीबी रिश्तेदार और कुछ बेहद खास दोस्त ही शामिल हुए। दुआ-कैलम की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
आयोजन
लंदन के ऐतिहासिक 'ओल्ड मैरीलेबोन टाउन हॉल' में एक-दूजे के हुए दुआ और कैलम
30 साल की दुआ और 36 वर्षीय कैलम ने 31 मई को लंदन के 'ओल्ड मैरीलेबोन टाउन हॉल' में आयोजित एक बेहद निजी समारोह में दोस्तों और परिवार के कुछ चुनिंदा लोगों के बीच शादी रचाई।
बता दें कि शादी की ये जगह लंदन की मशहूर हस्तियों का पसंदीदा ठिकाना माना जाती है।
पॉल मैकार्टनी और रिंगो स्टार से लेकर लियाम गालाघर तक कई दिग्गज सितारे यहां अपने रिश्ते को शादी का नाम दे चुके हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए तस्वीरें
Dua Lipa and Callum Turner officially got married in London, England today! 💍 pic.twitter.com/YibuV5pL5H
— Dua Lipa Hungary (Fan) (@dlipahungary) May 31, 2026
सगाई
जून, 2025 में हुई थी सगाई
हफ्तों तक चलीं अटकलों के बाद दुआ ने जून 2025 में 'ब्रिटिश वोग' को दिए इंटरव्यू में कैलम संग अपनी सगाई की पुष्टि की थी। उन्होंने तब कहा था कि वो अपना वर्ल्ड टूर पूरा करने के बाद शादी के बंधन में बंधने की उम्मीद कर रही हैं।
उसी दौरान पीपल मैगेजीन को एक सूत्र ने बताया था कि दुआ-कैलम ने अपनी शादी की योजना टाल दी है। अब आखिरकार दोनों शादी के बंधन में बंध गए हैं।
अफेयर
...जब पहली बार उड़ीं दुआ-कैलम के अफेयर की अफवाहें
दुआ और कैलम के अफेयर की अफवाहें सबसे पहले जनवरी 2024 में उड़ी थीं, जब दोनों को लंदन में 'मास्टर्स ऑफ एयर' के बाद हुई पार्टी में एक साथ देखा गया था।
इसके बाद उसी साल जुलाई (2024) में दोनों ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते पर आधिकारिक रूप से मोहर लग दी थी। दुआ ने ब्रिटिश वोग को दिए इंटरव्यू में बताया था कि सगाई के बाद उनके लिए जैसे एक नई दुनिया खुल गई है।
जश्न
इटली में होगा 3 दिनों का महा-जश्न
दुआ दुनिया की बेहद लोकप्रिय और प्रतिष्ठित ब्रिटिश-अल्बेनियाई पॉप स्टार हैं, जिन्होंने अपने हिट गानों के दम पर 3 ग्रैमी पुरस्कार अपने नाम किए हैं।
उधर उनके जीवनसाथी कैलम एक मशहूर ब्रिटिश अभिनेता और मॉडल हैं, जिन्हें 'फैंटेस्टिक बीस्ट्स' फिल्मों में थिसियस स्कैमैंडर की भूमिका और एप्पल टीवी की चर्चित सीरीज 'मास्टर्स ऑफ द एयर' के लिए विशेष पहचान मिली है।
ये स्टार जोड़ी अब इटली में 3 दिन का एक भव्य विवाह समारोह आयोजित करने की तैयारी में हैं।