जानिए 'दृश्यम 3' में अक्षय खन्ना की जगह लेने की बात पर जयदीप अहलावत ने क्या कहा?
'दृश्यम 3' 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस बार फिल्म में एक नया चेहरा देखने को मिलेगा- अभिनेता जयदीप अहलावत। ट्रेलर लॉन्च के मौके पर जयदीप ने साफ किया कि वह 'दृश्यम 2' में अक्षय खन्ना के किरदार की जगह नहीं ले रहे हैं।
जयदीप ने बताया, "फिल्म में एक नया किरदार लाया जा रहा है।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनके इस किरदार का अपना सफर है और सालगांवकर परिवार से उसका एक खास रिश्ता भी जुड़ेगा।
निर्माता बोले- अक्षय ने छोड़ दी थी 'दृश्यम 3'
फिल्म के निर्माता कुमार मंगत पाठक ने बताया कि अक्षय ने आदित्य धर के निर्देशन वाली फिल्म की रिलीज से ठीक एक दिन पहले ही 'दृश्यम 3' छोड़ दी थी।
इसकी वजह उनकी फीस और किरदार के लिए इस्तेमाल होने वाली विग को लेकर असहमति थी। चीजों को सुलझाने के लिए कई बार कोशिशें की गईं, लेकिन इन बातचीत के बाद अक्षय ने फोन उठाना बंद कर दिया था।
इसी वजह से पैनोरमा स्टूडियोज ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। ये खबर थोड़ी हैरान करने वाली है क्योंकि अक्षय ने पहले पटकथा की काफी तारीफ की थी और फिल्म में वापसी को लेकर भी काफी उत्साहित दिख रहे थे।