बॉक्स ऑफिस पर होगा सीक्वल और फ्रैंचाइजी का बोलबाला, धाक जमाने आएंगी ये फिल्में
क्या है खबर?
साल 2026 फिल्म फ्रैंचाइजी और लंबे समय से प्रतीक्षित सीक्वल के लिए सौगात बनकर आया है। आने वाले महीनों में कई फिल्में रिलीज होने के लिए तैयार हैं जो न सिर्फ अपनी पहली किस्त को आगे बढ़ाएंगी, बल्कि कुछ नए किरदारों का दर्शकों से सामना भी कराएंगी। इस सूची में अजय देवगन से लेकर शाहिद कपूर तक की बहुप्रतीक्षित सीक्वल फिल्में शामिल हैं। चलिए इन फिल्मों और इनकी रिलीज तारीख के बारे में जानते हैं।
#1
'दृश्यम 3'
अजय अपनी "2 अक्टूबर" की परंपरा को कायम रखते हुए 'दृश्यम' फ्रैंचाइजी की तीसरी कड़ी के साथ लौटेंगे। इसका पहला भाग 2015 में और दूसरा भाग 2022 में रिलीज किया गया था। अक्टूबर, 2026 में विजय सलगांवकर (अजय) अपने परिवार को पुलिस की नजरों से बचाने के लिए आ रहे हैं। उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन और इशिता दत्त जैसे सितारे अपने किरदारों में वापसी करेंगे। इस भाग को परिवार के अस्तित्व की कहानी का अंत माना जा रहा है।
#2 & #3
'कॉकटेल 2' और 'खोसला का घाेसला 2'
शाहिद, रश्मिका मंदाना और कृति सैनन अभिनीत 'कॉकटेल 2' 19 जून, 2026 को रिलीज होने वाली है, जिसका निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। यह 2012 में रिलीज 'कॉकटेल' की दूसरी कड़ी है, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी जैसे सितारे थे। 'खोसला का घाेसला' की टोली भी दूसरी कड़ी लेकर लौट रही है। फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी के साथ पुराने सभी चेहरे फिर से दिखेंगे। यह फिल्म 28 अगस्त, 2026 को रिलीज होगी।
#4 & #5
'आवारापन 2' और 'धमाल 4'
इमरान हाशमी अपनी सुपरहिट फिल्म 'आवारापन' के सीक्वल को लेकर खूब चर्चा बटोर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग लगभग खत्म होने की कगार पर है। इसमें अभिनेता के साथ दिशा पाटनी नजर आएंगी। नितिन कक्कड़ द्वारा निर्देशित यह फिल्म अगस्त, 2026 में सिनेमाघरों में आ सकती है। इसके अलावा, 'धमाल' फ्रैंचाइजी की टोली भी इस साल जुलाई में लौटने को तैयार है। अजय, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी समेत अन्य सितारे इस फिल्म का फिर से हिस्सा हैं।