मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बीच 'दृश्यम 3' का बड़ा रिकॉर्ड, 7 दिन में किए 200 करोड़ पार
मोहनलाल अभिनीत फिल्म 'दृश्यम 3' ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त धमाल मचाया है। सिर्फ 7 दिनों में ही फिल्म ने दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
जीतू जोसेफ के निर्देशन में बनी यह फिल्म जॉर्जकुट्टी की कहानी को आगे बढ़ाती है, जहां उसके परिवार को नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
फिल्म को मिली-जुली समीक्षाएं मिलने के बावजूद दर्शक इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं।
'दृश्यम 3' के लिए मोहनलाल को मिले इतने करोड़
100 करोड़ रुपये के बड़े बजट पर बनी इस फिल्म में मोहनलाल ने अपनी फीस 20 करोड़ रुपये ली है, जो उन्होंने पहली 'दृश्यम' फिल्म के लिए मिले 5-6 करोड़ रुपये से कहीं ज़्यादा है।
अभिनेत्री मीना की फीस में भी इजाफा हुआ है, वहीं अंसीबा हसन ने इस फिल्म के लिए 1 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं।
यह फ्रैंचाइजी इतनी लोकप्रिय है कि इसके लगातार रीमेक बनाए जा रहे हैं। इस फिल्म के हिंदी रीमेक में अजय देवगन और तब्बू मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे, जो 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।