'दोस्ताना 2' आखिर क्यों कोई नहीं करना चाहता? अब अद्वैत चंदन ने भी खड़े किए हाथ
क्या है खबर?
धर्मा प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दोस्ताना 2' पर एक बार फिर मुसीबत के बादल मंडरा रहे हैं।फिल्म के निर्देशक अद्वैत चंदन ने करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस के साथ हुए रचनात्मक मतभेदों के चलते अचानक इस प्रोजेक्ट से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। विक्रांत मैसी और लक्ष्य लालवानी अभिनीत इस फिल्म के लिए ये एक बड़ा झटका माना जा रहा है। आइए जानें आखिर क्या है पूरा मामला।
कदम
एक और निर्देशक ने बीच मझधार में छोड़ी फिल्म
लगातार हो रही देरी और कास्टिंग में बदलावों के बाद, 'दोस्ताना 2' एक बार फिर चर्चा में आ गई है। वैराइटी इंडिया की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म निर्देशक अद्वैत चंदन भी अब इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए हैं। 'सीक्रेट सुपरस्टार' और 'लाल सिंह चड्ढा' जैसी फिल्में बनाने वाले अद्वैत को इस प्रोजेक्ट में तब लाया गया था, जब फिल्म के पहले निर्देशक कॉलिन डी'कुन्हा ने इससे अपने हाथ पीछे खींच लिए थे।
संकट
विक्रांत-लक्ष्य की 'दोस्ताना 2' पर फिर लगा ब्रेक
फरवरी, 2026 में आई शुरुआती रिपोर्ट्स में बताया गया था कि अद्वैत चंदन 'दोस्ताना 2' के नए वर्जन का निर्देशन करेंगे। इस फिल्म में विक्रांत मैसी, लक्ष्य लालवानी और पूर्व मिस इंडिया वर्ल्ड सिनी शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले थे। उस समय ऐसा लगा था कि सालों की अनिश्चितता के बाद आखिरकार ये प्रोजेक्ट आगे बढ़ रहा है। हालांकि, अब अद्वैत चंदन के अचानक फिल्म छोड़ने की खबर ने इस पर एक बार फिर ब्रेक लगा दिया है।
ऐलान
कब हुई थी 'दोस्ताना 2' की घोषणा?
धर्मा प्रोडक्शंस ने साल 2008 की हिट फिल्म 'दोस्ताना' के सीक्वल की 'दोस्ताना 2' की घोषणा की थी। साल 2019 में कार्तिक आर्यन, जाह्नवी कपूर और लक्ष्य लालवानी संग इसका ऐलान किया गया था। गोवा में फिल्म की काफी शूटिंग भी पूरी हो चुकी थी, लेकिन 2021 में कार्तिक और निर्माताओं के बीच विवाद के बाद प्रोजेक्ट ठप पड़ गया। अब फिल्म के निर्माता करण जौहर फिल्म को फिर शुरू करने के लिए नए निर्देशक की तलाश कर रहे हैं।