Page Loader
दूरदर्शन ने अनोखे अंदाज में दी इरफान खान को श्रद्धांजलि, फिर शुरु किया 'श्रीकांत' का प्रसारण

दूरदर्शन ने अनोखे अंदाज में दी इरफान खान को श्रद्धांजलि, फिर शुरु किया 'श्रीकांत' का प्रसारण

Apr 30, 2020
07:34 pm

क्या है खबर?

अभिनेता इरफान खान ने बीते बुधवार को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 53 साल के थे। उनके निधन से जहां एक ओर उनका पूरा परिवार सदमे में है, वहीं दूसरी इरफान के फैंस और पूरी फिल्म इंडस्ट्री इस बात पर यकीन नहीं कर पा रही कि अब वह हमारे बीच नहीं हैं। इस दौरान फैंस फिर से उनकी फिल्मों और टीवी सीरियल्स को याद कर रहे हैं। अब दूरदर्शन ने उनका शो फिर से शुरू किया है।

दुख

लॉकडाउन की वजह से श्रद्धांजलि देने नहीं पहुंच पाए सितारे

इरफान का निधन उस समय हुआ जब पूरा देश लॉकडाउन की वजह से घर में बंद है। ऐसे में हर किसी के मन में एक दुख इस बात को लेकर भी है कि उनकी अंतिम यात्रा में कोई शामिल नहीं हुआ। ऐसे में उनके फैंस और फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरु कर दिया। वहीं अब दूरदर्शन ने भी उनका शो 'श्रीकांत' फिर से प्रसारित करते का ऐलान किया है।

प्रसारण

हर दिन इस समय होगा प्रसारण

इस बात की जानकारी दूरदर्शन नेशनल ने अपने एक ट्वीट के जरिए दी है। उन्होंने इस सीरियल का एक छोटा सा वीडियो पोस्ट करते हुए इसके साथ कैप्शन में लिखा, 'देखिए अपने पसंदीदा अभिनेता इरफान खान को शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के 'श्रीकांत' में। हर दोपहर 03:30 बजे डीडी नेशनल पर।' बता दें कि यह शो शरत चंद्र के उपन्यास श्रीकांत पर आधारित है। प्रवीण निस्कोल के निर्देशन में बने इस सीरियल का प्रसारण 1985-86 तक किया जाता था।

ट्विटर पोस्ट

दूरदर्शन से ट्विटर पर दी जानकारी

करियर

कई टीवी सीरियल्स के बाद मिली थी बॉलीवुड में एंट्री

इस शो में इरफान के साथ फारुख शेख, सुजाता मेहता और मृणाल कुलकर्णी भी मुख्य किरदार निभाते हुए नजर आए थे। इस सीरियल को उस जमाने में दर्शकों के बीच खूब पसंद किया गया था। बता दें कि फिल्मों में कदम रखने से पहले इरफान कई टीवी सीरियल्स में नजर आए थे। इनमें 'चंद्रकांत', 'चाणक्य', 'डर', 'स्पर्श' और 'भारत एक खोज' जैसे बेहतरीन शोज शामिल हैं। इसके बाद उन्होंने 1988 में आई फिल्म 'सलाम बॉम्बे' से बॉलीवुड में कदम रखा।

बीमारी

दो साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे इरफान

इरफान को आखिरी बार फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' में देखा गया था। इसमें उनके साथ राधिका मदान, करीना कपूर खान, डिंपल कपाड़िया और दिपक ढोबरियाल जैसे सितारे भी अहम किरदारों में नजर आए थे। बता दें कि दो साल तक कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के बाद बुधवार को वह यह जंग हार गए। 2018 में उन्होंने बताया था कि उन्हें न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर है। जिसके इलाज के लिए उन्होंने एक साल से भी ज्यादा का वक्त लंदन में बिताया था।