यूक्रेनी राष्ट्रपति के महल में शूट हुआ था 'RRR' का 'नाटू-नाटू', ऑस्कर की दौड़ में शामिल
एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' लगभग पूरे साल से चर्चा में है। फिल्म मार्च में रिलीज हुई थी और तभी से फिल्म लगातार सुर्खियों में हैं। कभी फिल्म के निर्देशक तो कभी फिल्म के कलाकार राम चरण और जूनियर NTR पर लोग प्यार बरसाते हैं। इस साल के जाते-जाते भी 'RRR' के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी आई है। फिल्म का गाना 'नाटू-नाटू' ऑस्कर नॉमिनेशन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। आपको बताते हैं गाने से जुड़ी कुछ रोचक बातें।
संसद के बगल में मिल गई थी शूटिंग की इजाजत
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार राजामौली ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि इस गाने की शूटिंग यूक्रेन में हुई थी। इसकी शूटिंग यूक्रेनी राष्ट्रपति के महल में हुई थी। महल के ही पास में यूक्रेन का संसद है। उन्होंने शूटिंग की इजाजत दे दी क्योंकि यूक्रेनी राष्ट्रपति खुद एक टीवी अभिनेता रह चुके हैं। बता दें यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की राजनीति में आने से पहले एक कॉमेडियन और टीवी अभिनेता थे।
तैयार हुए थे हुक स्टेप के 80 वेरिएशन
'नाटु-नाटु' में दर्शक झूमने पर मजबूर हो जाते हैं और वे राम चरण और जूनियर NTR की परफॉर्मेंस के कायल हो गए। रिपोर्ट्स के अनुसार गाने का लोकप्रिय हुक स्टेप के 80 वेरिएशन तैयार हुए थे। दोनों कलाकारों ने गाने के लिए करीब 18 टेक दिए थे। आखिर में राजामौली ने दूसरे टेक को ही बेस्ट माना और उसे फिल्म में शामिल किया। राजामौली फ्रेम फ्रीज करके देखा करते थे कि दोनों के स्टेप कितना सिंक हो रहे हैं।
दुनियाभर में लोकप्रिय हुआ 'नाटु-नाटु'
'नाटु-नाटु' मूल रूप से तेलुगु गाना है जिसका हिंदी संस्करण 'नाचो-नाचो' भी जारी हो चुका है। गाने का संगीत एमएम कीरावानी ने कंपोज किया है। इसे राहुल सिपलीगंज और काल भैरव ने गाया है। गाने की कोरियोग्राफी प्रेम रक्षित ने की है। इस गाने को 'म्यूजिक( ऑरिजिनल सॉन्ग)' श्रेणी में ऑस्कर के नॉमिनेशन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इस गाने को गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड और क्रिटिक चॉइस अवॉर्ड में भी नॉमिनेशन मिल चुका है।
95वें अकैडमी अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट हुए ये भारतीय नाम
95वें अकैडमी अवॉर्ड्स के लिए कुछ श्रेणियों में शॉर्टलिस्ट हुईं प्रविष्टियों की घोषणा हो गई है। इस सूची में 'नाटु-नाटु' के अलावा भी अन्य भारतीय नाम शामिल हैं। पान नलिन की 'छेल्लो शो' (लास्ट फिल्म शो) को बेस्ट इंटरनैशनल फीचर फिल्म की श्रेणी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह फिल्म ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि है। शौनक सेन की 'ऑल दैट ब्रीद्स' को डॉक्युमेंटरी फीचर की श्रेणी में शॉर्टलिस्ट किया गया है।
निर्माताओं ने दी जानकारी
दुनियाभर में छाई 'RRR'
24 मार्च, 2022 को रिलीज हुई 'RRR' 1920 के दशक में दो भारतीय क्रांतिकारियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम पर आधारित है। राजामौली की यह फिल्म तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषा में रिलीज हुई थी। फिल्म में आलिया भट्ट और अजय देवगन ने कैमियो किया है। फिल्म दुनियाभर में करीब 1000 करोड़ रुपये कमा चुकी है। फिल्म की सफलता से गदगद राजामौली इसके सीक्वल की भी पुष्टि कर चुके हैं।