क्या आप जानते हैं? अमृता-आरजे अनमोल ने 2014 में ही रचा ली थी गुपचुप शादी
क्या है खबर?
फिल्म 'विवाह' से अमृता राव ने सभी का दिल जीत लिया था। फिल्म में अमृता और शाहिद कपूर की केमिस्ट्री कमाल की लगी थी। अमृता फिल्मों के अलावा निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में बनी रहती हैं।
अब उन्होंने कुछ ऐसा खुलासा किया है, जिससे उनके फैंस हैरान हो गए हैं।
अमृता ने बताया कि उन्होंने अपने पति आरजे अनमोल के साथ 2016 में नहीं, बल्कि 2014 में ही गुपचुप शादी रचा ली थी।
खुलासा
कपल ने अपने यूट्यूब चैनल 'कपल ऑफ थिंग्स' पर किया खुलासा
इससे पहले फैंस और मीडिया को यही पता था कि दोनों ने 2016 में शादी की है। अमृता और अनमोल अपने यूट्यूब चैनल 'कपल ऑफ थिंग्स' के जरिए फैंस से रूबरू होते रहते हैं।
अब उन्होंने 'कपल ऑफ थिंग्स' के हालिया एपिसोड में अपनी शादी की सच्चाई से पर्दा उठाया है।
इस कपल ने बताया कि 2016 में दुनिया के सामने अपनी शादी की घोषणा करने से दो साल पहले यानी 2014 में उन्होंने 'सीक्रेट विवाह' किया था।
बयान
करियर पर असर ना पड़े, इसलिए छिपाई थी शादी की खबर
कपल ने बताया कि उन्होंने अपनी शादी की खबर इसलिए छिपाकर रखी थी, ताकि उनके करियर पर इसका कोई असर ना पड़े।
वीडियो में अनमोल ने कहा, "अमृता के तीन बड़े बैनर की फिल्में आने के बाद और एक स्पोर्ट्स शो में होस्ट बनने के बाद मेरे करियर में उछाल आया। मैंने अमृता से शादी करने के लिए कहा। हालांकि, उन्होंने मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें जितने भी फिल्मों के ऑफर मिले थे, वह पूरे नहीं हो पाएंगे।"
सात फेरे
15 मई, 2014 को अमृता और अनमोल ने लिए थे सात फेरे
अमृता ने वीडियो में कहा, "हमारी शादी 2016 की नहीं है। 2014 में हमने सीक्रेट विवाह कर लिया था।" अमृता ने खुद कहा कि उन्होंने 15 मई, 2014 को अनमोल के साथ सात फेरे लिए थे।
उन्होंने इसे काफी उत्साहजनक लम्हा बताया। 'कपल ऑफ थिंग्स' के आगामी एपिसोड में कपल अपनी विवाह का एलब्म शेयर करेगा।
बता दें कि साल 2012 में अमृता को 'जॉली एलएलबी', 'सत्याग्रह' और 'सिंह साहब द ग्रेट' जैसी फिल्मों का ऑफर मिला था।
जन्म
नवंबर, 2020 में अमृता ने बेटे वीर को दिया था जन्म
अमृता ने नवंबर, 2020 में एक बेटे को जन्म दिया था। उन्होंने अपने बेटे का नाम वीर रखा है। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने बेटे के नाम का खुलासा किया था।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा था, 'हेलो वर्ल्ड..हमारे बेटे वीर से मिलिए। आप सभी लोगों का आशीर्वाद चाहिए।'
2009 में अनमोल ने अमृता का एक इंटरव्यू लिया था, जिसके बाद ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं। इसके बाद दोनों की डेटिंग शुरू हुई।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
अनमोल एक जाने-माने रेडियो जॉकी हैं। उनका 'RJ अनमोल शो' बेहद लोकप्रिय है। अमृता ने 2002 में आई 'अब के बरस' से डेब्यू किया था। आखिरी बार अमृता को नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ 2019 में फिल्म 'ठाकरे' में देखा गया था।