LOADING...
'दो दीवाने सहर में' की तीसरे दिन डूबी नैया, तापसी पन्नू की 'अस्सी' भी रही बेदम 
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

'दो दीवाने सहर में' की तीसरे दिन डूबी नैया, तापसी पन्नू की 'अस्सी' भी रही बेदम 

Feb 23, 2026
10:01 am

क्या है खबर?

मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की रोमांटिक-ड्रामा फिल्म 'दो दीवाने सहर में' ने बॉक्स ऑफिस पर 3 दिन पूरे कर लिए हैं। पहले दिन बेहद निराशाजनक ओपनिंग करने वाली इस फिल्म को तीसरे दिन भी अपना हुनर दिखाने का मौका नहीं मिल सका। यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में नाकामयाब रही। तापसी पन्नू की 'अस्सी' का हाल भी बुरा रहा है, जबकि 13 फरवरी को रिलीज 'ओ रोमियो' कमाई के मामले में दोनों फिल्मों पर भारी पड़ी है।

गिरावट

'दो दीवाने सहर में' की कमाई में भारी गिरावट

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन के तहत बनी फिल्म 'दो दीवाने सहर में' को पहले दिन 1.25 करोड़ रुपये से शुरुआत मिली थी। हैरानी की बात यह है कि दूसरे दिन, यानी शनिवार को इसने 1.5 करोड़ कमाए थे, जबकि तीसरे दिन रविवार को कमाई कुल 1.31 करोड़ रुपये हुई है। इन 3 दिनों के अंदर फिल्म ने कुल 4.06 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जो बेहद निराशाजनक है।

टक्कर

'अस्सी' का तीसरे दिन बुरा हाल, 'ओ रोमियो' पड़ी भारी

अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित 'अस्सी' को समीक्षकों से बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, लेकिन कमाई के मामले में यह चूक गई। पहले दिन 1 करोड़ से खाता खोलने के बाद दूसरे दिन इसने 1.6 करोड़ कमाए, जबकि तीसरे दिन 1.37 करोड़ कमाए हैं। इसके बाद फिल्म की कुल कमाई 3.97 करोड़ रुपये हुई है। दूसरी ओर, शाहिद कपूर की 'ओ रोमियो' 10वें दिन 3.25 करोड़ कमाते हुए दोनों फिल्मों पर भारी पड़ी है। इसका कुल कलेक्शन 55.90 करोड़ हो गया है।

Advertisement