Page Loader
दिव्यांका त्रिपाठी से अर्जुन बिजलानी तक, ये कलाकार ठुकरा चुके हैं 'बिग बॉस' का ऑफर
ये सेलेब्स ठुकरा चुके हैं 'बिग बॉस' का ऑफर

दिव्यांका त्रिपाठी से अर्जुन बिजलानी तक, ये कलाकार ठुकरा चुके हैं 'बिग बॉस' का ऑफर

Sep 23, 2022
08:00 am

क्या है खबर?

सलमान खान के शो 'बिग बॉस 16' का प्रसारण अक्टूबर में शुरू हो सकता है। इस साल भी शो को सलमान ही होस्ट करने नजर आएंगे। शो में टीवी जगत के कई कलाकार बतौर प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। फिलहाल शो के लिए कास्टिंग चल रही है। आइए आज आपको उन जाने-माने टीवी कलाकारों से रूबरू कराते हैं, जो रियलिटी शो 'बिग बॉस' का ऑफर ठुकरा चुके हैं।

#1

दिव्यांका त्रिपाठी

'बिग बॉस' में एंट्री करने को लेकर कई बार दिव्यांका त्रिपाठी का नाम सामने आ चुका है। खबरों की मानें तो मेकर्स ने इस शो के लिए उन्हें कई बार अप्रोच किया है। इस बार भी उनके शो में शामिल होने की चर्चाएं चली थीं। दिव्यांका ने ट्वीट कर लिखा था, "मैं यह ट्वीट लिखने पर मजबूर हो गई हूं कि मैं 'बिग बॉस' का हिस्सा नहीं बन रही हूं। आप जो भी पढ़-सुन रहे हैं, वो गलत है।"

#2

अर्जुन बिजलानी

'खतरों के खिलाड़ी 11' के विजेता अर्जुन बिजलानी भी 'बिग बॉस' का ऑफर रिजेक्ट कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता को कई बार शो के लिए अप्रोच किया गया, लेकिन बार-बार उन्होंने इसके लिए अपनी हामी नहीं भरी। अपने व्यस्त कार्यक्रम का हवाला देकर वह शो के लिए मना कर चुके हैं। कहा जाता है कि वह किसी भी प्रोजेक्ट को साइन करने से पहले काफी धैर्यपूर्वक उसके बारे में विचार करते हैं।

#3

मुनमुन दत्ता

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' फेम मुनमुन दत्ता का नाम भी इस सूची में दर्ज है। खबरों की मानें तो इस अभिनेत्री को भी कई बार शो का ऑफर दिया गया। शो के पिछले सीजन में जब उनके शामिल होने की अटकलें शुरू हुई थीं, तो उन्होंने कहा था, "मैं शो देखना जरूर पसंद करती हूं, लेकिन इसमें भाग नहीं ले सकती। तो बेकार में सोचकर समय बर्बाद ना करें। गलत खबरों पर भरोसा ना करें।"

#4

अध्ययन सुमन

अभिनेता शेखर सुमन के बेटे अध्ययन सुमन को 'बिग बॉस' में भाग लेना पसंद नहीं है। वह भी शो के लिए मना कर चुके हैं। उन्होंने एक बार अफवाहों को खारिज करते हुए कहा था, "ये सब फेक न्यूज है। शुक्रिया पर मैं ये शो नहीं करना चाहता। कलर्स और 'बिग बॉस' के मेकर्स को इस बात को क्लीयर करना चाहिए। ये बहुत अपमानित करने वाला शो है।" अध्ययन ने 2008 में फिल्म 'हाल-ए-दिल' से बॉलीवुड में एंट्री ली थी।

#5

आदित्य नारायण

अभिनेता और गायक आदित्य नारायण को मेकर्स ने शो के लिए कई बार अप्रोच किया। हालांकि, उन्होंने इस रियलिटी शो के लिए अपनी सहमति नहीं जताई। खबरों की मानें तो आदित्य एक प्रतिभागी के रूप में नहीं, बल्कि होस्ट के रूप में शो में शामिल होना चाहते हैं। टीवी पर आदित्य एक होस्ट के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं। 'सा रे गा मा पा' को उन्होंने लंबे समय तक होस्ट किया था।