Page Loader
साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा' में डांस नंबर करेंगी दिशा पटानी

साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा' में डांस नंबर करेंगी दिशा पटानी

May 25, 2021
07:52 pm

क्या है खबर?

दिशा पटानी पिछले काफी समय से फिल्म 'राधे' को लेकर चर्चा में हैं। उनकी यह फिल्म सुपर-डुपरहिट हो गई है। भले ही इसमें उनके काम की तारीफ हुई या नहीं, लेकिन दिशा के पास फिल्मों की कमी नहीं है। अब उनके खाते से एक और फिल्म जुड़ गई है। दिशा साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा' में डांस का तड़का लगाती नजर आएंगी। आइए जानते हैं इस बारे में और क्या जानकारी मिली है।

रिपोर्ट

अल्लू अर्जुन के साथ ठुमके लगाएंगी दिशा

'पुष्पा' अल्लू अर्जुन की बहुप्रतिक्षित फिल्मों में से एक है। बॉलीवुड लाइफ के मुताबिक दिशा पटानी की फिल्म में एंट्री हो गई है। वह इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ एक धमाकेदार गाने पर थिरकती दिखेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक दिशा ने फिल्म में अपनी मौजूदगी पर भी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि वह अल्लू के साथ डांस करने के लिए बेहद उत्साहित हैं और यह उनके सिनेमाई करियर का अब तक का सबसे यादगार पल होगा।

मुरीद

अल्लू के डांस की कायल हैं दिशा

अल्लू के साथ डांस करने को लेकर दिशा सातवें आसमान पर हैं। दरअसल, वह उनके डांस की दीवानी हैं। उन्होंने कुछ समय पहले इंस्टा स्टोरी पर अल्लू के डांस के कुछ वीडियो भी पोस्ट किए थे। दिशा ने अपने पोस्ट में सवाल पूछा था कि अल्लू आखिर इतना बेहतरीन डांस कैसे कर लेते हैं? बता दें कि दिशा खुद एक शानदार डांसर हैं। वह अपनी एक्टिंग से कहीं ज्यादा डांस को लेकर सुर्खियों में रहती हैं।

जानकारी

लाल चंदन की डकैती पर आधारित है 'पुष्पा' की कहानी

बात करें फिल्म 'पुष्पा' की तो इसमें अल्लू अर्जुन को एक भयानक दिखने वाले चंदन तस्कर पुष्पा राज के रूप में दिखाया जाने वाला है। इसमें रश्मिका मंदाना भी नजर आएंगी। इस फिल्म की कहानी आंध्र प्रदेश की पहाड़ियों में लाल चंदन की डकैती पर आधारित है। यह फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन सुकुमार कर रहे हैं, जो इससे पहले अल्लू अर्जुन के साथ 'आर्य' और 'आर्य 2' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुके हैं।

चर्चा

'एक विलेन रिटर्न्स' को लेकर सुर्खियों में हैं दिशा

दिशा आजकल फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म की निर्माता एकता कपूर हैं और इसका निर्देशन कर रहे हैं मोहित सूरी। फिल्म में दिशा के साथ तारा सुतारिया भी नजर आएंगी, वहीं, अर्जुन कपूर और जॉन अब्राहम भी मुख्य भूमिका में होंगे। दिशा 'बागी 2', 'भारत' और 'मलंग' जैसी फिल्मों में भी दिख चुकी हैं। वो बात अलग है कि उन्होंने अब तक किसी भी फिल्म में दर्शकों को अपनी मौजूदगी का अहसास नहीं कराया।