मुंबई शो में धमकी पर गरजे दिलजीत दोसांझ- आप बम फेंको, मैं फिर भी प्यार दूंगा
क्या है खबर?
मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने बम की धमकी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे अपने फैंस का दिल से शुक्रिया अदा किया। भीड़ को संबोधित करते हुए 42 वर्षीय गायक-अभिनेता ने साफ कहा कि धमकियों के जवाब में उनके पास देने के लिए सिर्फ प्यार है। उन्होंने ये भी कहा कि धमकी देने वाले भले ही बम फेंकने की बात करें, लेकिन उनका दिल प्यार से भरा है।
कड़ी सुरक्षा
500 पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच हुआ दिलजीत का शो
कॉन्सर्ट स्थल और मेट्रो स्टेशनों पर संभावित हमलों की चेतावनी देने वाले एक ईमेल के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच ये कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आयोजन स्थल की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा गार्डों और विशेष दस्तों के साथ 500 से अधिक मुंबई पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। र
रेसकोर्स में जुटे प्रशंसकों से बात कर दिलजीत ने इन धमकियों की खबरों का जिक्र किया और अपने बेबाक अंदाज से एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया।
प्रतिक्रिया
उनका मकसद फैंस को डराना है- दिलजीत
दिलजीत बोले, "हमारी मुंबई। वो दिलजीत को बम से उड़ाने जा रहे हैं। वाह! उनका पूरा मकसद यही है कि लोग दिलजीत के शो में न आएं। उन्हें डराएं, धमकाएं और हर कीमत पर इस कार्यक्रम को रोकें। मेरी तरफ से सिर्फ प्यार है, बाकी वे बम फेंकने की धमकी दे सकते हैं, लेकिन मेरा दिल प्यार से भरा है।"
उन्होंने राहत इंदौरी की शायरी की कुछ पंक्तियां भी सुनाईं, जैसा कि उन्होंने अहमदाबाद कॉन्सर्ट के दौरान भी किया था।
पलटवार
"बारूदों का मौसम है, गांव चलो, अमरूदों का मौसम है"
दिलजीत बोले, बारूदों का मौसम है शहरों में, गांव चलो, यह अमरूदों का मौसम है।"
इसके बाद दिलजीत ने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, "मैं आपको अपना प्यार भेजता हूं। बेशक बम फेंको, लेकिन मैं फिर भी आपको अपना प्यार भेजता हूं।"
दिलजीत ने कहा कि कई लोग अभी भी सुरक्षा जांच पूरी होने के इंतजार में बाहर रुके हैं। उन्होंने जांच में जुटी मुंबई पुलिस का भी दिल से शुक्रिया अदा किया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए दिलजीत का वीडियो
🚨 DILJIT DOSANJH REACTION ON BOMB THREAT 🚨
— Jeet (@JeetN25) November 27, 2026
Diljit three times reacted on Bomb threats :
' Aa khada Diljit Dosanjh Jitna jor lagana hai lagalo'
' Aap besak bomb pheko fir bhi mera taraf se aapko pyaar hai '
' Aap sabhi audience ko bohot pyaar hai itne threats hone ke… pic.twitter.com/M8UGo47IPs
मनाही
कॉन्सर्ट में इन चीजों को ले जाने पर लगी रोक
दिलजीत आगे बोले, "पुलिस भी मुश्किल स्थिति में है। वे सभी को आगे जाने देने से पहले जांच कर रहे हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद। मुंबई पुलिस का दिल से शुक्रिया।"
दर्शकों की सुरक्षा के लिए बुकमायशो ने प्रतिबंधित सामान की सूची जारी की थी। झंडे, बैनर, पोस्टर, डिओडोरेंट, मेकअप, पेन, चाकू, नुकीले गहने, ब्लेड, लाइटर, लेजर पॉइंटर, वॉटर बैलून, अंडे, खाली बोतलें, छाते, कैमरे, ट्राइपॉड, सेल्फी स्टिक और रिकॉर्डिंग उपकरण ले जाने पर रोक थी।