दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस
क्या है खबर?
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने इंडिया टूर की वजह से चर्चा में हैं। खबर है कि 29 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले उनके कॉन्सर्ट को कथित तौर पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इंडिया टुडे के मुताबिक, धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को IED ब्लास्ट की धमकी वाला एक ईमेल मिला है, जिसमें "खालिस्तान जिंदाबाद" का नारा शामिल है। ईमेल में मदावरा के NICE रोड ग्राउंड पर बम हमले की चेतावनी दी गई है, जहां कॉन्सर्ट आयोजित होगा।
चेतावनी
बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत को नई धमकी
रिपोर्ट के अनुसार, ईमेल भेजने वाले ने कॉन्सर्ट में आने वालों को भी चेतावनी दी है। इसमें कहा गया है कि वे बच्चों को वेन्यू पर न लाएं, आईफोन का इस्तेमाल न करें या मेट्रो से यात्रा न करें।
उधर, पुलिस द्वारा धमकी के सोर्स और इसकी असलियत पता लगाने की जांच की जा रही है।
दिलजीत या उनकी टीम द्वारा कॉन्सर्ट के शेड्यूल में किसी भी बदलाव के बारे में अभी तक कोई पुष्टि नहीं है।
सुरक्षा
इंदौर कॉन्सर्ट के दौरान भी मिली थी धमकी
बेंगलुरु कॉन्सर्ट के लिए कथित धमकी से पहले, दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट को भी 15 नवंबर को होने वाले शो से पहले बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
उस वक्त इंदौर के मेयर ऑफिस, प्राइवेट स्कूलों और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर बेंच को कई धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। नतीजन, गायक ने कड़ी सुरक्षा के बीच परफॉर्म किया था।
21 नवंबर को अहमदाबाद में भी दिलजीत ने टाइट सिक्योरिटी के बीच कॉन्सर्ट किया था।