'सतलुज' के ZEE5 पर हटने के बाद दिलजीत दोसांझ ने दर्शकों से लगाई गुहार, जानें क्या बोले
दिग्गज पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज', जो मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर बनी है, 3 जुलाई को ZEE5 पर आ गई थी, लेकिन कुछ ही देर बाद इसे चुपचाप इस प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया।
इंस्टाग्राम पर लाइव आकर दिलजीत ने बताया कि फिल्म की टीम ने जानबूझकर इसका प्रचार नहीं किया था। उनका मानना था कि अगर वे ऐसा नहीं करते, तो शायद यह फिल्म रिलीज ही नहीं हो पाती।
दिलजीत ने की लोगों से 'सतलुज' को बचाने की अपील
दिलजीत ने बताया कि उन्हें पहले से ही उम्मीद थी कि फिल्म रिलीज होते ही हटा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि फिल्म लगभग 4 साल की देरी से बनी और इसे सर्टिफिकेशन न मिलने की वजह से सिनेमाघरों में रिलीज किया नहीं जा सका।
इसके बावजूद, उन्हें खुशी है कि जसवंत सिंह खालरा की कहानी कुछ देर के लिए ही सही, लेकिन लोगों तक पहुंच तो पाई।
उन्होंने कहा, 'अब इसकी जिम्मेदारी आपकी है। यह फिल्म अब आप सबकी है। इसे अब आप ही बचाएं और अपने परिवार के साथ साझा करें।'