दिलजीत दोसांझ का 'ऑरा वर्ल्ड टूर' भारत में देगा दस्तक, जानिए कब-कहां होगा आयोजन
क्या है खबर?
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का बहुप्रतीक्षित 'ऑरा वर्ल्ड टूर' भारत में दस्तक देने के लिए तैयार है। हाल ही में, उन्होंने लंदन में अपने ऐतिहासिक वेम्बली प्रदर्शन के दौरान ऐलान किया था कि वह अहमदाबाद की जनता के बीच अपना कॉन्सर्ट लाने के लिए तैयार हैं। अब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए उन्होंने कॉन्सर्ट से जुड़े अपडेट साझा कर दिए हैं। यह घोषणा उनके ऑरा वर्ल्ड टूर के भारतीय चरण की शुरुआत होगी, जिसके लिए फैंस उत्साहित हैं।
ऐलान
इस दिन से बुक हो सकेंगे कॉन्सर्ट के टिकट
दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पर बताया कि वह 'ऑरा वर्ल्ड टूर' के तहत 21 नवंबर, 2026 को गुजरात के अहमदाबाद में कॉन्सर्ट करेंगे।
इसे दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में से एक, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यहां फैंस उनके भव्य प्रदर्शन का अनुभव कर सकेंगे।
कॉन्सर्ट के टिकट सिर्फ बुकमायशो के जरिए उपलब्ध होंगे। प्री-सेल 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी, जबकि आम बिक्री 1 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होगी।
कॉन्सर्ट
इन लोकप्रिय गानों को सुनने का मिल सकता है मौका
'ऑरा वर्ल्ड टूर' के तहत दिलजीत पहले ही उत्तरी अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप का दौरा कर चुके हैं। अब वह भारत में इसे लाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
अहमदाबाद में होने वाला यह दौरा उनके घरेलू दर्शकों को बड़े पैमाने पर आयोजित होने वाले कॉन्सर्ट का अनुभव और भी करीब लाएगा।
उम्मीद की जा रही है कि कॉन्सर्ट में उनके कई लोकप्रिय गाने शामिल होंगे, जिनमें 'GOAT', 'इक्क कुड़ी', 'ललकारा' और 'वाटर' शामिल हैं।