
दिलीप जोशी और मुनमुन दत्ता ने छोड़ा 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा'? असित मोदी ने बताया
क्या है खबर?
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' छोटे पर्दे का सबसे लोकप्रिय और सबसे लंबे समय तक चलने वाले धारावाहिकों में से एक है। इस शो की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। यह शो पिछले कई वर्षों से लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि दिलीप जोशी (जेठालाल) और मुनमुन दत्ता (बबीता) शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' छोड़ रहे हैं। अब शो के निर्माता असित मोदी ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।
बयान
असित मोदी ने बता दिया सच
दिलीप और मुनमुन के 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' छोड़ने की खबरों को शो के निर्माता असित मोदी ने सिरे से खारिज कर दिया है। मनी कंट्रोल के साथ खास बातचीत में असित ने कहा, "ऐसा कुछ नहीं है। सब लोग हमारी टीम का हिस्सा हैं। ऐसी कोई बात नहीं है। दिलीप जोशी और मुनमुन दत्ता पिछले कुछ दिनों से अपने निजी कारणों की वजह से शो में नजर नहीं आ रहे थे। उन्होंने शो नहीं छोड़ा है।"
सच
हमारा शो खुशियां फैलाता है- असित
असित ने आगे कहा, "जैसा कि आप जानते हैं कि इन दिनों सोशल मीडिया बहुत नकारात्मक हो गया है। हमें सकारात्मक सोच रखनी होगी। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' एक सकारात्मक शो है। यह एक पारिवारिक शो है, जो खुशियां फैलाता है। छोटी-छोटी बातों पर अफवाह फैलाना गलत है। यह अच्छी बात नहीं है।" बता दें कि पिछले कई साल से कुछ कलाकार लगातार शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को छोड़कर जा रहे हैं।