LOADING...
क्या आप जानते हैं? बप्पी लहरी ने अपने लुक का कराया था ट्रेडमार्क
बप्पी लहरी ने अपने लुक का कराया था ट्रेडमार्क

क्या आप जानते हैं? बप्पी लहरी ने अपने लुक का कराया था ट्रेडमार्क

Feb 16, 2022
08:06 pm

क्या है खबर?

गायक बप्पी लहरी भले इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन उनकी शख्सियत को फैंस भूला नहीं पाएंगे। उनका अंदाज ही ऐसा था कि वह हर किसी का ध्यान खींच लेते थे। 69 साल की उम्र में मुंबई में उनका निधन हो गया है। फैंस उनके व्यक्तित्व को याद कर रहे हैं। खासकर उनके लुक की खूब चर्चा हो रही है। क्या आप जानते हैं कि उन्होंने अपने लुक का ट्रेडमार्क कराया था। आइए जानते हैं पूरा किस्सा।

प्रभावित

अमेरिकी पॉप स्टार एल्विस प्रेसली से प्रभावित थे बप्पी

दिवंगत गायक बप्पी ने खुद 2019 में एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने अपने लुक का ट्रेडमार्क कराया है। उन्होंने कहा था कि वह अमेरिकी पॉप स्टार एल्विस प्रेसली से प्रभावित थे। प्रेसली भी अपने कॉन्सर्ट के दौरान सोने की चेन पहनते थे। प्रेसली को देखकर बप्पी के मन में ख्याल आता था कि वह भी सफल होकर अपनी अलग पहचान बनाएंगे। यही वजह है कि जब उन्होंने मुकाम हासिल किया, तो अपने शौक को भी पूरा किया।

इच्छा

बप्पी नहीं चाहते थे कि कोई उनके लुक को कॉपी करे

लुक ट्रेडमार्क करवाने का अर्थ अपने लुक को पेटेंट करवाना है। उनका मानना था कि उनके इस लुक को कोई कॉपी ना करें, क्योंकि यहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने जी-तोड़ मेहनत की है। उनका कहना था कि जो सोना आभूषण के रूप में वह पहनते हैं, वो मेहनत का नतीजा है। वह सोना को खुद के लिए लकी मानते थे। यही कारण है कि उनका सोने की चेन से विशेष लगाव था।

Advertisement

बयान

मेरे लुक की नकल आसानी से नहीं की जा सकती- बप्पी

बप्पी ने एक इंटरव्यू में कहा था, "कई लोग मेरे सिग्नेचर लुक को फंक्शन में कॉपी करते थे। लेकिन यह सब दशकों की कड़ी मेहनत का नतीजा है। मेरे लुक की नकल आसानी से नहीं की जा सकती।" सोने की चेन के अलावा भी उनके कई शौक थे। वह काले रंग का चश्मा पहनना पसंद करते थे। उन्हें ब्रेसलेट्स पहनना भी खूब पसंद था। एक बार उन्होंने कहा था, "मुझे गोल्ड मैन कहलाने पर गर्व है।"

Advertisement

करियर

बप्पी ने कंपोज किए थे 500 से ज्यादा गाने

बप्पी लहरी का असली नाम अलोकेश लहरी था और उनका जन्म 27 नवंबर, 1952 को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हुआ था। उन्होंने अपने करियर में 500 से ज्यादा गाने कंपोज किए थे और पॉप म्यूजिक को बॉलीवुड का एक अहम हिस्सा बनाने का श्रेय भी उनको जाता है। अंतिम बार वह 'बिग बॉस 15' के मंच पर नजर आए थे, जहां उन्होंने अपने पोते के गाने का प्रमोशन किया था।

Advertisement