Page Loader
क्या सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल का हुआ था ब्रेकअप? अभिनेत्री ने बताई सच्चाई
क्या सिद्धार्थ और शहनाज का हुआ था ब्रेकअप?

क्या सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल का हुआ था ब्रेकअप? अभिनेत्री ने बताई सच्चाई

Nov 05, 2021
01:54 pm

क्या है खबर?

अभिनेता और 'बिग बॉस 13' के विजेता रहे सिद्धार्थ शुक्ला 2 सितंबर को इस दुनिया को अलविदा कह गए। सिद्धार्थ का 40 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हुआ था। कथित तौर पर उनकी गर्लफ्रेंड रहीं शहनाज गिल उनके निधन के बाद टूट-सी गई हैं। हाल में खबरें आई थीं कि सिद्धार्थ के निधन से पहले शहनाज का ब्रेकअप हो गया था। अब एक इंटरव्यू में शहनाज ने इन खबरों को अफवाह बताया है।

रिपोर्ट

शहनाज ने मुस्कुराते हुए कही ये बात

जूम एंटरटेनमेंट को दिए इंटरव्यू में शहनाज ने सिद्धार्थ से ब्रेकअप की खबरों को झूठ बताया है। जब शहनाज से उनके ब्रेकअप के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा, "लोग कहते हैं कि मैंने ब्रेकअप कर लिया। ऐसा कभी नहीं होगा।" अक्सर इस कपल के प्यार के किस्से सुनने को मिलते थे। हालांकि, दोनों ने ही कभी सार्वजनिक तौर पर अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था।

रिपोर्ट

सिद्धार्थ और शहनाज दिसंबर में करने वाले थे शादी- रिपोर्ट

हाल में सिद्धार्थ के निधन के बाद शहनाज काम पर लौटी हैं। सिद्धार्थ के निधन के कुछ समय बाद ही ऐसी खबरें आई थीं कि सिद्धार्थ और शहनाज दिसंबर में शादी करने वाले थे। एक रिपोर्ट में कहा गया था कि ये दोनों शादी की योजना बना रहे थे। खबरों की मानें तो शादी के लिए कमरे, भोज और अन्य सेवाओं को बुक करने के लिए मुंबई के एक आलीशान होटल के साथ बातचीत चल रही थी।

रिश्ता

अधूरी रह गई सिडनाज की जोड़ी

सिद्धार्थ 'बिग बॉस 13' में शहनाज के साथ दिखे थे। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया था। इसके बाद उनकी दोस्ती काफी गहरी हो गई थी। शहनाज और सिद्धार्थ शो में एक-दूसरे का ख्याल रखते थे। उन्हें दर्शकों ने 'सिडनाज' के नाम की उपाधि दी थी। दोनों को कई म्यूजिक वीडियो में साथ देखा गया है। पूर्व बिग बॉस प्रतिभागी अबू मलिक ने एक साक्षात्कार में खुलासा किया था कि दोनों एक-दूसरे के प्यार में पागल थे।

करियर

'बालिका वधू' से घर-घर में लोकप्रिय हुए थे सिद्धार्थ

सिद्धार्थ ने 2004 में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। 2008 में वह 'बाबुल का आंगन छूटे ना' नाम के टीवी धारावाहिक में दिखे थे, लेकिन 'बालिका वधू' से सिद्धार्थ ने घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी। 2019 में सिद्धार्थ ने 'बिग बॉस 13' की ट्रॉफी जीती थी। उन्हें 2014 में आई फिल्म 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' में देखा गया था। सिद्धार्थ को हाल ही में वेब सीरीज 'ब्रोकन बट ब्यूटीफुल 3' में भी देखा गया था।