क्या रणवीर सिंह देंगे 'धुरंधर 3' का तोहफा? निर्माता बोलीं- काम अभी खत्म नहीं हुआ
क्या है खबर?
रणवीर सिंह ने 'धुरंधर' फ्रैंचाइजी के जरिए भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। इसकी पहली किस्त दिसंबर, 2025 में आई, जबकि 'धुरंधर 2' को मार्च, 2026 में रिलीज किया गया था। फिल्म की अपार सफलता के बाद, चर्चा है कि निर्माता कुछ बड़ा करने की योजना बना रहे हैं। जियो स्टूडियो की सह-निर्माता ज्योति देशपांडे ने हालिया बयान में कहा है कि काम अभी खत्म नहीं हुआ। उनके इस बयान ने फैंस के बीच हलचल मचा दी है।
संकेत
फैंस को जल्द 'तोहफा' देने का संकेत दिया
हाल ही में, जियो स्टूडियो की सह-निर्माता ने संकेत दिया कि रणवीर अभिनीत फिल्म 'धुरंधर' के प्रशंसकों के लिए जल्द ही एक 'तोहफा' आने वाला है। बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में उन्होंने कहा, "'धुरंधर' का काम अभी खत्म नहीं हुआ है। उम्मीद है कि इस साल के अंत में दर्शकों के लिए हमारे पास कुछ सरप्राइज होगा। हमारे पास कुछ खास है।" उनकी टिप्पणी से फैंस उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि शायद फ्रैंचाइजी की तीसरी कड़ी आएगी।
फिल्म
राकेश बेदी ने फिल्म की तीसरी कड़ी पर क्या कहा?
हालांकि फिल्म में 'जमील जमाली' का किरदार निभाने वाले अभिनेता राकेश बेदी ने कुछ दिन पहले 'धुरंधर 3' की अफवाहों का खंड़न किया था। जूम से बातचीत में उन्होंने कहा था, "मुझे नहीं लगता कि तीसरा भाग बनेगा। लेकिन 'धुरंधर' एक फ्रेंचाइजी है, और इसे किसी भी समय अन्य अभिनेताओं के साथ बनाया जा सकता है।" 'धुरंधर' फ्रैंचाइजी एक जासूसी थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रणवीर के अलावा, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर माधवन, अर्जुन रामपाल जैसे सितारे हैं।