इमरान खान का सीधा वार- सिर्फ चीखने और खून बहाने से कोई एक्टर नहीं बन जाता
क्या है खबर?
अभिनेता इमरान खान ने बिना किसी फिल्म या एक्टर का नाम लिए बॉलीवुड के मौजूदा चलन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने उन किरदारों की कड़ी आलोचना की है, जिन्हें आजकल महान अभिनय के नाम पर पेश किया जा रहा है। इमरान ने तंज कसते हुए कहा कि आजकल फिल्मों में मर्दानगी दिखाने का मतलब सिर्फ 'खून से सने चेहरे, लंबे बाल और गुस्से में चीखता हुआ आदमी' बनकर रह गया है।
तंज
'धुरंधर' और 'एनिमल' जैसी फिल्मों पर कटाक्ष
सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि इमरान ने बिना नाम लिए रणवीर सिंह की 'धुरंधर' और रणबीर कपूर की 'एनिमल' जैसी फिल्मों पर निशाना साधा है। ये सवाल तब से चर्चा में है, जब से इमरान ने अपने 'रेडिट आस्क मी एनीथिंग' सेशन के दौरान एक फैन के सवाल का बेबाक जवाब दिया। इस सत्र में उन्होंने न केवल ऐसी फिल्मों की आलोचना की, बल्कि महिला द्वेष और हिंसा को महिमामंडित करने वाली कहानियों की भी निंदा की।
पसंद
"खून से सने और गुस्सैल आदमी का रोल करने में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं"
सोशल मीडिया पर एक फैन ने इमरान से अपील करते हुए लिखा, 'प्लीज, आप उन 'माचो' (मर्दानगी दिखाने वाले) किरदारों की तरफ मत मुड़िएगा, जो आजकल बहुत ट्रेंड में हैं।' इस पर इमरान ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने लिखा, 'हां, मेरी खून से सने, लंबे बाल वाले और एक गुस्सैल आदमी का किरदार निभाने में कोई दिलचस्पी नहीं है। मुझे लगता है कि इस तरह के किरदारों और फिल्मों का प्रतिनिधित्व पहले से ही बहुत ज्यादा हो रहा है।'
प्रतिक्रिया
बॉलीवुड में मौजूदा मर्दानगी पर इमरान ने जताई चिंता
एक यूजर ने लिखा कि आप उन चुनिंदा अभिनेताओं में थे, जिन्होंने 'अच्छे इंसान' को समझदार दिखाया, जबकि आज के हीरो अक्सर आक्रामक होते हैं। इस पर इमरान लिखते हैं, 'मैंने इस चलन पर गौर किया है। मैं काफी परेशान हूं कि कैसे ये फिल्में उन अपरिपक्व और 'बच्चे' जैसे व्यवहार करने वाले मर्दों के हर हिंसक नखरे को सही ठहराती हैं, जो स्वीकार ही नहीं कर पाते कि कोई महिला उनके प्रस्ताव या इरादों को ठुकरा भी सकती है।'
निशाना
इमरान ने गैर-जिम्मेदार फिल्मी कहानियों में शामिल होने से किया इनकार
इमरान ने लिखा, 'ये समझना बहुत जरूरी है कि हिंसा और जहरीली मानसिकता को पर्दे पर दिखाने और उन्हें 'सही ठहराने' के बीच एक बड़ा अंतर है। मुझे लगता है कि लोग अक्सर बिना सोचे चलन के पीछे भागते हैं। मेरी संवेदनाएं मुझे कभी भी ऐसी गैर-जिम्मेदार कहानी का हिस्सा बनने नहीं देंगी।' इमरान ने साफ कर दिया कि वो मर्दानगी को सिर्फ हिंसा और शोर से मापे जाने वाले दौर का हिस्सा नहीं बनना चाहते।
पिछली फिल्म
पिछली बार इस फिल्म में दिखे थे इमरान
इमरान पिछली बार फिल्म 'हैप्पी पटेल' में कैमियो करते दिखे थे। इसके जरिए वीर दास ने निर्देशन में कदम रखा। आमिर खान फिल्म के निर्माता थे। इमरान ने 'जाने तू या जाने ना' से लेकर, कैटरीना कैफ के साथ 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' और 'आई हेट लव स्टोरीज' जैसी कई फिल्में कीं, लेकिन बॉलीवुड में कभी उन्हें सुपरस्टार का दर्जा नहीं मिला। 2015 में फिल्म 'कट्टी बट्टी' के बाद इमरान ने एक्टिंग से ब्रेक लिया था।