मुकेश खन्ना बोले- करोड़ों का घाटा मंजूर, पर रणवीर सिंह को 'शक्तिमान' नहीं बनने दूंगा
क्या है खबर?
'धुरंधर' जैसी सीरीज से सफलता के झंडे गाड़ने के बावजूद मुकेश खन्ना ने 'शक्तिमान' में रणवीर सिंह की कास्टिंग पर सख्त आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उन्हें इस रोल के लिए कोई बड़ा स्टार नहीं, बल्कि एक ऐसा चेहरा चाहिए, जो 'शक्तिमान' की गरिमा और सादगी को पर्दे पर उतार सके। मुकेश ने साफ कहा है कि भले ही इस फैसले से उन्हें करोड़ों का आर्थिक नुकसान हो, लेकिन वो फिल्म के मूल्यों से समझौता नहीं करने वाले।
परिणाम
'धुरंधर' की सफलता भी नहीं आई काम
'धुरंधर' और 'धुरंधर: द रिवेंज' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद रणवीर के प्रशंसकों को उम्मीद थी कि अब 'शक्तिमान' के लिए मुकेश खन्ना की हरी झंडी मिल जाएगी, लेकिन मुकेश अपने फैसले पर अडिग हैं। HT सिटी के साथ हुई बातचीत में मुकेश ने इस बात को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया कि 'धुरंधर' की सफलता या रणवीर की एक्टिंग की तारीफ करने का मतलब ये कतई नहीं है कि वो उन्हें 'शक्तिमान' बनाने के लिए राजी हैं।
तंज
"सब मुझे मनाने में लगे हैं..."
मुकेश ने साफ कहा कि वाे इस रोल के लिए किसी बड़े स्टार की तलाश में नहीं हैं। 'शक्तिमान' के किरदार के लिए अभिनेता के व्यक्तित्व का उस चरित्र की छवि के साथ मेल खाना बेहद जरूरी है। बातचीत में अपनी नाराजगी जाहिर कर उन्होंने कहा, "मुझे मनाने में सब लगे हुए हैं, कि 'धुरंधर' चल गई, अब तो रणवीर सिंह बहुत बड़ा एक्टर बन गया है। फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं तो उसे 'शक्तिमान' के लिए ले लो।"
दो टूक
"रणवीर को किलविश बना सकता हूं, शक्तिमान नहीं"
मुकेश बोले, "रणवीर ने अलाउद्दीन खिलजी और 'धुरंधर' जैसी भूमिकाओं के साथ अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की है, लेकिन 'शक्तिमान' को चित्रित करने के लिए अभिनय क्षमता से अधिक की आवश्यकता है। एक ऐसे चेहरे की जरूरत है, जो इस किरदार की सादगी और अच्छाई से मेल खाता हो। उसकी आंखों में शक्तिमान दिखना चाहिए, ना कि चालाकी। मैं रणवीर को 'किलविश' (खलनायक) के लिए साइन कर सकता हूं, 'शक्तिमान' के लिए नहीं। नकारात्मकता है उसके चेहरे पर, सकारात्मकता नहीं।"
तंज
रणवीर के बाद अब रणबीर कपूर पर मुकेश खन्ना का निशाना
मुकेश ने फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर की भगवान राम के रूप में कास्टिंग पर भी अपनी असहमति जताई है। उनका मानना है कि टीजर अक्सर गुमराह करने वाले होते हैं। मुकेश के मुताबिक, असली सच्चाई पूरी फिल्म देखने के बाद ही पता चलती है। मुकेश ने रणबीर को भगवान राम की भूमिका के लिए अनुपयुक्त बताया है। उनका तर्क है कि केवल अभिनय ही काफी नहीं होता, बल्कि धार्मिक किरदारों के लिए एक विशेष छवि और मर्यादा आवश्यक है।