'धुरंधर 2' के निर्माताओं को सिख समुदाय की सीधी चेतावनी, बदलाव करो वरना झेलना होगा विरोध
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2' रिलीज से पहले ही बड़े कानूनी विवाद में फंस गई है। फिल्म में रणवीर के सिख किरदार को सिगरेट पीते (धूम्रपान करते) दिखाए जाने पर सिख संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस दृश्य को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा गया है, जिसमें विवादित सीन को तुरंत हटाने या एडिट करने की मांग की गई है। आइए पूरा मामला विस्तार से जानें।
विवाद
सिख समुदाय ने भेजा कानूनी नोटिस
ABP के मुताबिक, 'धुरंधर 2' अपनी सिनेमाघरों में रिलीज से कुछ दिन पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म के निर्माताओं को सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोपों में कानूनी नोटिस भेजा गया है। नोटिस के अनुसार, फिल्म के कुछ दृश्यों और प्रचार सामग्री में रणवीर के सिख किरदार को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है। इसे सिख धर्म के सिद्धांतों और परंपराओं के खिलाफ माना जाता है, जिसके कारण यह विवाद खड़ा हुआ है।
चेतावनी
सिख धर्म की आस्था को ठेस पहुंचाने पर निर्माताओं को चेतावनी
शिकायतकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि फिल्म में दिखाया गया ये दृश्य उनकी धार्मिक आस्था को चोट पहुंचाता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्माताओं को फिल्म में जरूरी बदलाव करने होंगे, वरना विरोध और बढ़ सकता है। नोटिस में कहा गया है कि सिख धर्म में तंबाकू का सेवन और धूम्रपान पूरी तरह वर्जित है। ऐसे में सिख व्यक्ति को ऐसा करते हुए दिखाना धार्मिक रूप से असंवेदनशील है और इसे सिख आस्था का अपमान माना जा रहा है।
मांग
दृश्य हटाने के साथ-साथ माफी की मांग
नोटिस में कहा गया है कि फिल्म से रणवीर के सिख किरदार को धूम्रपान करते दिखाने वाले सभी दृश्य तुरंत हटाए जाएं। साथ ही पोस्टर, ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री से भी ऐसे दृश्य हटाने और सिख समुदाय से सार्वजनिक माफी मांगने को कहा गया है। फिल्म निर्माताओं से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर सार्वजनिक माफी मांगने को कहा गया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि समय पर पालन न होने पर कानूनी कार्रवाई होगी।
आपत्ति
शिरोमणि अकाली दल ने भी 'धुरंधर 2' के पोस्टर पर जताई आपत्ति
शिरोमणि अकाली दल (दिल्ली) के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना ने भी इस मामले पर एक्स पर पोस्ट साझा किया था। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले का संज्ञान लेने और आपत्तिजनक पोस्टर को हटाने का आग्रह कर लिखा था, 'धुरंधर 2' के गाने 'प्रलय' के पोस्टर में पगड़ीधारी सिख किरदार को सिगरेट पकड़े हुए दिखाया गया है। ये चित्रण बेहद अपमानजनक और सिख धार्मिक सिद्धांतों का गंभीर उल्लंघन है।' बता दें कि 'धुरंधर 2' 19 मार्च को रिलीज हो रही है।