'धुरंधर 2' पर बुरी तरह बरसे असदुद्दीन ओवैसी, बोले- पिक्चर है वो? 3 घंटे की बकवास
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' को लेकर राजनीतिक गलियारों में घमासान छिड़ गया है। AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने फिल्म की तीखी आलोचना करते हुए इसे सिरे से खारिज कर दिया है। ओवैसी ने फिल्म में दिखाई गई अत्यधिक हिंसा पर आपत्ति जताते हुए इसे 'बकवास' करार दिया और सवाल उठाया कि क्या ये वाकई एक फिल्म है? आइए जानें क्या कुछ बोले ओवैसी।
हमला
हिंसा और गालियों पर उठाए सवाल-
'टाइम्स नाउ समिट' में जब असदुद्दीन से 'धुरंधर 2' पर पूछा गया तो उन्होंने सख्त लहजे में कहा, "पिक्चर है वो? 3 घंटे की बकवास है मेरे पास 3 घंटे तक फिल्म देखने का समय नहीं है। इस फिल्म में गालियों और हिंसा को बढ़ावा देने के अलावा और क्या है? 3 घंटे बाद ये आपको सोचने पर मजबूर कर देती है कि क्या आपको मुसलमानों को गाली देनी चाहिए या नहीं। ये सब देखने का वक्त किसके पास है?"
बयान
प्यारे, इसे दिल पे मत लो- ओवैसी
जब होस्ट ने असदुद्दीन से कहा कि पूरी दुनिया 'धुरंधर 2' देख रही है और खुश है तो ओवैसी ने अपने खास हैदराबादी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, "हम हैदराबाद में बोलते हैं कि प्यारे, इन चीजों को दिल पे मत लो, मुर्दे पे लो तो हम मुर्दे पे लेके छोड़ देते हैं उसको।" उनका मतलब था कि वो ऐसी फिल्मों और उनकी लोकप्रियता को बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लेते और उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं।
कमाई
इस साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी 'धुरंधर 2'
आदित्य धर द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। 19 मार्च को रिलीज हुए 'धुरंधर' के सीक्वल 'धुरंधर 2' ने महज 9 दिनों में भारत में 715 करोड़ रुपये और वैश्विक स्तर पर 1128 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही ये 2026 की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
कहानी
क्या है फिल्म की कहानी?
'धुरंधर' सीरीज की कहानी भारतीय जासूस जसकीरत सिंह रंगी, जिसे हम्जा अली मजारी (रणवीर सिंह) के नाम से भी जाना जाता है, के इर्द-गिर्द घूमती है। IB डायरेक्टर अजय सान्याल (आर माधवन) द्वारा जसकीरत को पाकिस्तान के ल्यारी भेजा जाता है, जहां उसे एक बलूच गैंग में घुसपैठ कर एक बड़े आतंकी संगठन को नेस्तनाबूद करना है। फिल्म की पटकथा वास्तविक भू-राजनीतिक घटनाओं और संघर्षों से प्रेरित है, जो इसे दर्शकों के बीच और भी रोमांचक बनाती है।