LOADING...
'धुरंधर 2' के आगे 'बाहुबली 2' ने टेके घुटने, जानिए 20 दिनों में कितनी हुई कमाई
'धुरंधर 2' ने शानदार कमाई से 'बाहुबली 2' को छोड़ा पीछे

'धुरंधर 2' के आगे 'बाहुबली 2' ने टेके घुटने, जानिए 20 दिनों में कितनी हुई कमाई

Apr 08, 2026
09:34 am

क्या है खबर?

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने सिनेमाघरों में सुनामी बनकर दस्तक दिया था। पहले दिन से कमाई का जो सिलसिला चलता आ रहा है, उससे तो साफ है कि इसके कदम अभी नहीं डगमगाएंगे। रिलीज के 20 दिन पूरे करते हुए कमाई में गिरावट भी आई है, इसके बावजूद 'धुरंधर 2' बॉलीवुड में सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बनी है। अब इसने प्रभास की 'बाहुबली 2' के घरेलू लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।

कलेक्शन

'धुरंधर 2' का 20वें दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

सैकनिल्क के मुताबिक, 'धुरंधर 2' ने रिलीज के 20वें दिन 10.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। हफ्ते में मध्य में कमाई में गिरावट आई है, क्योंकि 19वें दिन भी कलेक्शन 10 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। फिलहाल इसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 1,033.37 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। फिल्म के इस कलेक्शन के साथ, एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित फिल्म 'बाहुबली 2' का भारत में लाइफटाइम कलेक्शन पीछे हो गया है जो 1,030.42 करोड़ रुपये था।

रिकॉर्ड

'धुरंधर 2' ने अब तक इन फिल्मों का तोड़ा रिकॉर्ड

'धुरंधर 2' के लिए अगला लक्ष्य अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' है, जिसका भारत में कुल लाइफटाइम कलेक्शन 1,234.10 करोड़ रुपये है। इसे पार करने के लिए फिल्म को अपनी रफ्तार बनाए रखनी होगी। अब तक इसने 'KGF: चैप्टर 2' (859.70 करोड़), 'RRR' (782.20 करोड़) और 'कल्कि 2898 AD' (646 करोड़) जैसी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। बता दें, आदित्य धर द्वारा निर्देशित 'धुरंधर 2' में संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल भी है।

Advertisement